छत्तीसगढ़

शहीद भगत सिंह की जयंती पर सुधा ओपन स्कूल में देशभक्ति का माहौल

देशभक्ति नारों और क्विज प्रतियोगिता में बच्चों ने दिखाया उत्साह

रायपुर, 29 सितंबर 2026। सुधा ओपन स्कूल, आमासेओनी में 28 सितंबर को शहीद-ए-आजम सरदार भगत सिंह की जयंती श्रद्धा, उत्साह और देशभक्ति के साथ मनाई गई। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने देशभक्ति से जुड़ी विभिन्न गतिविधियों में हिस्सा लिया और भगत सिंह के विचारों एवं बलिदान को याद किया।

कार्यक्रम की मुख्य अतिथि ज्ञान गंगा स्कूल की वरिष्ठ शिक्षिका श्रीमती पायल मानन रहीं। उन्होंने विद्यार्थियों को शहीद भगत सिंह के जीवन, उनके विचारों और देश की आजादी के लिए दिए गए बलिदान की जानकारी दी। इसके बाद उन्होंने भगत सिंह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।

कार्यक्रम का संचालन सुधा सोसाइटी फाउंडेशन के संस्थापक एवं अध्यक्ष जी.के. भटनागर ने किया। उन्होंने विद्यार्थियों को भगत सिंह के जीवन और स्वतंत्रता आंदोलन में उनके योगदान के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि भगत सिंह ने देश की आजादी के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया और बेहद कम उम्र में शहादत दी।

देशभक्ति नारों और क्विज में बच्चों ने लिया हिस्सा

जयंती के अवसर पर विद्यार्थियों के लिए A4 शीट पर सुंदर लिखावट में देशभक्ति के नारे लिखने की प्रतियोगिता आयोजित की गई। इनमें से तीन सर्वश्रेष्ठ नारों का चयन कर विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान किए गए।

इसके बाद शहीद भगत सिंह के जीवन पर आधारित क्विज प्रतियोगिता हुई। इसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन करने वाले तीन विजेता बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

विद्यालय के तीनों शिक्षकों ने भी कार्यक्रम में सक्रिय सहभागिता निभाई। इस दौरान पूरा विद्यालय परिसर “इंकलाब जिंदाबाद” और “शहीद भगत सिंह अमर रहें” के नारों से गूंज उठा।

कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान एवं राष्ट्रीय गीत के साथ हुआ। इसके बाद सभी विद्यार्थियों को जलपान वितरित किया गया।

Related Articles

Back to top button