जयपुर महापौर को मिली गोबर से बनी खास माला…
राजस्थान हाईकोर्ट के जजों की मौजूदगी में भेंट की गई मनोहर गौशाला में निर्मित माला

रायपुर, 5 सितंबर 2026। जयपुर के श्यामनगर स्थित भिक्षु साधना केंद्र में आध्यात्मिक वातावरण के बीच जयपुर नगर निगम के महापौर सुनील कोठारी को खैरागढ़ की मनोहर गौशाला में गोबर से निर्मित माला भेंट की गई। यह माला चेन्नई के श्रावक महावीर बोरा ने भेंट की। इस अवसर पर राजस्थान हाईकोर्ट के जज महेंद्र गोयल और जज शुभा मेहता भी मौजूद रहे।
मुनि सुधाकर के सानिध्य में हुआ कार्यक्रम
यह कार्यक्रम आचार्य महाश्रमण के शिष्य मुनि सुधाकर के सानिध्य में आयोजित हुआ। कार्यक्रम के दौरान मनोहर गौशाला, खैरागढ़ में गोबर से तैयार किए जा रहे विभिन्न उत्पादों और गौसेवा से जुड़े कार्यों को लेकर भी चर्चा हुई।
मनोहर गौशाला के ट्रस्टी डॉ. अखिल जैन ने बताया कि गौशाला में किए जा रहे कार्यों की अतिथियों ने सराहना की। गोबर से तैयार माला को इसी पहल से जोड़कर देखा गया।
महापौर बोले- संतों का मार्गदर्शन जीवन को देता है दिशा
महापौर सुनील कोठारी ने कहा कि संतों का मार्गदर्शन जीवन पथ को प्रशस्त करता है। आध्यात्मिक वार्तालाप से व्यक्ति को संबल और नई ऊर्जा मिलती है। उन्होंने संतों के सानिध्य को जीवन के लिए प्रेरणादायी बताया।
मुनि सुधाकर ने दी मंगलकामना
मुनि सुधाकर ने महापौर सुनील कोठारी के प्रति मंगलकामना व्यक्त करते हुए कहा कि जीवन में व्यक्ति को जो भी अवसर और जिम्मेदारी मिले, उसका निर्वहन पूरी नैतिकता और निष्ठा के साथ करना चाहिए। उन्होंने जिम्मेदारियों के प्रति ईमानदारी और समर्पण को जीवन का महत्वपूर्ण आधार बताया।
गोबर से बने उत्पादों को मिल रहा बढ़ावा
मनोहर गौशाला खैरागढ़ में गोबर से उपयोगी और पर्यावरण अनुकूल उत्पाद तैयार करने की दिशा में काम किया जा रहा है। इसी क्रम में गोबर से निर्मित माला भी तैयार की गई है। कार्यक्रम में इस पहल को गौसेवा, स्वावलंबन और पर्यावरण संरक्षण से जोड़कर देखा गया।



