छत्तीसगढ़

बूथ स्तर पर कांग्रेस सेवादल का विस्तार, बैठक में बनी आगामी कार्यक्रमों की रणनीति

भटगांव, 13 अक्टूबर 2026। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में कांग्रेस सेवादल ने संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने की कवायद तेज कर दी है। इसी क्रम में नगर पंचायत भटगांव के केशरवानी भवन में संगठन विस्तार को लेकर बैठक आयोजित की गई। जिला अध्यक्ष इंदुभूषण पड़वार के मार्गदर्शन और नगर भटगांव अध्यक्ष सतपाल यादव व ब्लॉक संगठन बिलाईगढ़ अध्यक्ष मिशन बंजारे के नेतृत्व में हुई बैठक में संगठन विस्तार और आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर चर्चा की गई।

गांधीजी को श्रद्धांजलि देकर हुई बैठक की शुरुआत

बैठक की शुरुआत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर की गई। बैठक में वरिष्ठ कांग्रेसी नेताओं, कांग्रेस सेवादल, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई, किसान कांग्रेस और महिला कांग्रेस के पदाधिकारियों सहित सैकड़ों कार्यकर्ता शामिल हुए।

यह बैठक कांग्रेस सेवादल के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.वी. श्रीनिवासन, छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष अरुण ताम्रकर, अतिरिक्त प्रदेश अध्यक्ष संतोष पांडे और महिला प्रदेश अध्यक्ष मंजूलता आनंद के निर्देश पर आयोजित की गई।

दोनों विधानसभा क्षेत्रों में बूथ स्तर पर कार्यकर्ता बनाने का लक्ष्य

बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष इंदुभूषण पड़वार ने कहा कि संगठन विस्तार के तहत जिले की दोनों विधानसभा क्षेत्रों में बूथ स्तर पर कांग्रेस सेवादल के कार्यकर्ता तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा की और कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

पड़वार ने मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और गिरफ्तारी की मांग का भी उल्लेख किया। उन्होंने राहुल गांधी के आह्वान पर दिल्ली पहुंच रहे कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं के समर्थन में बैठक में मौजूद कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में दिल्ली पहुंचकर अभियान में शामिल होने की अपील की।

लंबे समय बाद बैठक होने का किया दावा

कांग्रेस सेवादल के अतिरिक्त जिला अध्यक्ष कमलेश कुर्रे ने कहा कि उनके अनुसार, भटगांव में इस तरह की सेवादल बैठक पहले नहीं हुई थी। उन्होंने यह भी कहा कि पिछले वर्ष से मुख्य कांग्रेस संगठन की बैठक नहीं हुई थी। ऐसे में बैठक में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं की उपस्थिति संगठन के लिए उत्साहजनक रही।

उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर कांग्रेस को मजबूत बनाने और आगामी समय में पार्टी की विधायक व सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ काम करने की बात कही।

कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी रहे मौजूद

बैठक में वरिष्ठ कांग्रेसी नेता नेमीचंद केशरवानी, प्रदेश सचिव छत्रसाल साहू, सुनील सिंघानिया, बलराम देवांगन, युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव विक्रांत साहू, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सोनाखान के अध्यक्ष युधिष्ठिर नायक, किसान कांग्रेस प्रदेश महामंत्री अप्पू नवरंग, किसान कांग्रेस जिला अध्यक्ष रामकुमार साहू, वरिष्ठ अधिवक्ता जागेश्वर लहरे, कांग्रेस नेत्री लता जाटवर और मीना बंजारे सहित अनेक नेता शामिल हुए।

इसके अलावा अधिवक्ता संघ अध्यक्ष फिरतराम खटकर, युवा नेता राकेश मानिकपुरी, सेवादल जिला महामंत्री युगल किशोर, जिला सचिव उतरा साहू, महिला कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष योगेश्वरी साहू, सेवादल ब्लॉक अध्यक्ष रेशम अजय, महिला कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष कमलेश साहू, एनएसयूआई ब्लॉक अध्यक्ष प्यांशु जांगड़े तथा अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button