छत्तीसगढ़

मां ने ही 1.80 लाख रुपये में बेच दिया बच्चा!…

जशपुर पुलिस ने पश्चिम बंगाल से सुरक्षित बरामद किया, 5 गिरफ्तार

जशपुर, 14 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले के कुनकुरी थाना क्षेत्र में बच्चे की कथित खरीद-फरोख्त का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, एक महिला ने अपने बच्चे को बिचौलिये के माध्यम से पश्चिम बंगाल निवासी एक व्यक्ति को 1 लाख 80 हजार रुपये में बेच दिया था। मामले की जांच करते हुए कुनकुरी पुलिस पश्चिम बंगाल पहुंची और बच्चे को सुरक्षित बरामद कर लिया। प्रकरण में बच्चे की मां सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।

अगस्त में दर्ज हुई थी शिकायत

पुलिस के अनुसार, 12 अगस्त को कुनकुरी की ब्लॉक कॉलोनी निवासी लक्ष्मी बाई ने थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनके पुत्र शंकर चौहान को पिता की मृत्यु के बाद अनुकंपा नियुक्ति मिली थी। शंकर चौहान, यशोदा यादव के साथ रहता था। यशोदा ने 18 दिसंबर 2025 को बच्चे को जन्म दिया था, जिसे कथित तौर पर मार्च 2026 में बेच दिया गया।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम की धारा 81 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 143(4) व 61(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

बिचौलिये के जरिए पश्चिम बंगाल पहुंचा बच्चा

जांच के दौरान पुलिस ने पश्चिम बंगाल निवासी सुकरू आलम उर्फ बंगाली (43) को गिरफ्तार कर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने बताया कि उसकी पहचान कुनकुरी में यशोदा यादव से हुई थी और उसी के माध्यम से बच्चा पश्चिम बंगाल निवासी शेख अलविन तक पहुंचाया गया।

इसके बाद डीआईजी एवं एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम पश्चिम बंगाल भेजी गई। वहां शेख अलविन (52) को पकड़कर पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार, उसने बताया कि मार्च 2026 में उसने बच्चे को 1 लाख 80 हजार रुपये में खरीदकर अपनी बेटी को दे दिया था।

पश्चिम बंगाल से सुरक्षित बरामद हुआ बच्चा

पुलिस टीम ने पश्चिम बंगाल से बच्चे को बरामद कर सुरक्षित संरक्षण में लिया। पुलिस के मुताबिक, बरामद बच्चे की उम्र वर्तमान में करीब 9 से 10 महीने है। बच्चे की सुरक्षा सुनिश्चित करने के बाद पुलिस ने मामले में शामिल अन्य आरोपियों के खिलाफ भी कार्रवाई की।

मां समेत पांच आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में सुकरू आलम उर्फ बंगाली, शेख अलविन, निर्मला तिर्की, फूलकुंवारी यादव और बच्चे की मां यशोदा यादव को गिरफ्तार किया है। सभी को न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मामले में आगे की जांच और वैधानिक कार्रवाई जारी है।

Related Articles

Back to top button