छत्तीसगढ़

भिलाई इस्पात संयंत्र को बेचने की खबरें झूठी और निराधार…

इस्पात मंत्रालय व PIB ने किया खंडन

रायपुर, 19 अक्टूबर। भिलाई इस्पात संयंत्र (बीएसपी) को बेचने की योजना संबंधी खबरों को इस्पात मंत्रालय और प्रेस सूचना ब्यूरो (PIB) की फैक्ट चेक इकाई ने झूठा, असत्य और भ्रामक बताया है। सोशल मीडिया तथा कुछ प्रिंट मीडिया प्रकाशनों में प्रसारित हो रहे इन दावों का खंडन करते हुए बीएसपी ने कर्मचारियों, हितधारकों और छत्तीसगढ़ की जनता से अपील की है कि वे ऐसी अपुष्ट सूचनाओं पर विश्वास न करें और न ही उन्हें आगे प्रसारित करें।

आधिकारिक स्रोतों से करें जानकारी की पुष्टि

भिलाई इस्पात संयंत्र ने कहा है कि सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों पर प्रसारित किसी भी जानकारी को साझा करने से पहले आधिकारिक एवं प्रमाणित स्रोतों से उसकी पुष्टि अवश्य की जानी चाहिए। भ्रामक खबरों के प्रसार से बचने के लिए लोगों से सतर्क रहने की अपील की गई है।

छत्तीसगढ़ की औद्योगिक विरासत का अहम हिस्सा

बीएसपी ने कहा कि भिलाई इस्पात संयंत्र केवल एक औद्योगिक प्रतिष्ठान नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की पहचान, गौरव और औद्योगिक विरासत का अभिन्न अंग है। स्थापना के बाद से ही संयंत्र ने राज्य के औद्योगिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।

संयंत्र ने रोजगार के अवसर सृजित करने, सहायक उद्योगों को प्रोत्साहन देने और हजारों परिवारों की आजीविका में योगदान देने में अहम भूमिका निभाई है। इसकी गौरवशाली विरासत और औद्योगिक योगदान ने इसे छत्तीसगढ़ की जनता के गौरव का प्रतीक बनाया है।

Related Articles

Back to top button