मनोरंजन

प्रभास बने देश के सबसे पसंदीदा स्टार, जून 2026 की Ormax रैंकिंग में हासिल किया पहला स्थान

मुंबई, 21 जुलाई 2026। पैन इंडिया सुपरस्टार प्रभास ने एक बार फिर अपनी जबरदस्त लोकप्रियता का प्रमाण दिया है। Ormax Media की प्रतिष्ठित ‘Stars India Loves’ जून 2026 रैंकिंग में प्रभास ने देश के सबसे पसंदीदा मेल फिल्म स्टार का पहला स्थान हासिल किया है। यह रैंकिंग देशभर के दर्शकों की पसंद, लोकप्रियता और स्टार्स के प्रति उनके जुड़ाव के आधार पर तैयार की जाती है। इस सूची में शीर्ष स्थान हासिल कर प्रभास ने एक बार फिर साबित कर दिया कि उनकी लोकप्रियता किसी एक भाषा या क्षेत्र तक सीमित नहीं, बल्कि पूरे देश में कायम है।

पिछले कुछ वर्षों में प्रभास ने भारतीय सिनेमा को कई बड़ी और यादगार फिल्में दी हैं। ‘बाहुबली’ फ्रेंचाइजी ने उन्हें वैश्विक पहचान दिलाई, जबकि ‘सालार’ और ‘कल्कि 2898 AD’ जैसी फिल्मों ने उनकी पैन इंडिया स्टार की छवि को और मजबूत किया। बड़े कैनवास की फिल्मों में उनकी दमदार स्क्रीन प्रेजेंस, एक्शन और भावनात्मक अभिनय ने उन्हें देशभर के दर्शकों का पसंदीदा बनाया है।

प्रभास के लिए यह उपलब्धि ऐसे समय में आई है जब उनकी फिल्म ‘कल्कि 2898 AD’ को हाल ही में 72वें राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार में ‘बेस्ट पॉपुलर फिल्म प्रोवाइडिंग होलसम एंटरटेनमेंट’ का सम्मान मिला है। इस सम्मान ने फिल्म की सफलता के साथ-साथ प्रभास के करियर में भी एक नया अध्याय जोड़ दिया है।

वहीं, उनके आगामी प्रोजेक्ट्स को लेकर भी दर्शकों में जबरदस्त उत्साह बना हुआ है। उनकी फिल्मों ‘फौजी’, ‘स्पिरिट’, ‘सालार पार्ट 2’ और ‘कल्कि 2898 AD पार्ट 2’ का फैंस बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। इन फिल्मों को लेकर लगातार चर्चा बनी हुई है और माना जा रहा है कि प्रभास आने वाले समय में भी बड़े पर्दे पर कई नए रिकॉर्ड कायम कर सकते हैं।

Ormax Media की ताजा रैंकिंग ने यह स्पष्ट कर दिया है कि प्रभास आज भी भारतीय सिनेमा के सबसे प्रभावशाली और भरोसेमंद सितारों में शामिल हैं। लगातार बड़ी फिल्मों की सफलता, राष्ट्रीय पुरस्कारों से जुड़ी उपलब्धियां और आगामी मेगा प्रोजेक्ट्स के चलते उनका स्टारडम पहले से कहीं अधिक मजबूत होता नजर आ रहा है।

Related Articles

Back to top button