तिल्दा को ₹8.32 करोड़ की विकास सौगात, मंत्री टंक राम वर्मा ने किया भूमिपूजन

रायपुर, 28 जुलाई। छत्तीसगढ़ के राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने रायपुर जिले के तिल्दा विकासखंड अंतर्गत ग्राम टंडवा में 8.32 करोड़ रुपये से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विकास का कोई विकल्प नहीं है और सरकार गांवों तक बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार कार्य कर रही है।
मंत्री वर्मा ने 444.55 लाख रुपये की लागत से बनने वाली दैहानपारा से झोपड़ापारा-बैकुंठ सड़क (2.675 किमी) तथा 387.69 लाख रुपये की लागत वाली टंडवा से बैकुंठ सड़क (2.65 किमी) का भूमिपूजन किया। इसके साथ ही शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 5 लाख रुपये की लागत से बने साइकिल स्टैंड और 10 लाख रुपये के प्रार्थना शेड का लोकार्पण भी किया गया।
उन्होंने कहा कि ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों की वर्षों पुरानी सड़क निर्माण की मांग अब पूरी हो रही है। वर्ष 2018 में इस मार्ग को स्वीकृति मिली थी, लेकिन विभिन्न कारणों से निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका। अब दो महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण से विद्यार्थियों, किसानों, कामगारों, व्यापारियों और आम लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी तथा समय की बचत होगी।
मंत्री वर्मा ने बताया कि पिछले ढाई वर्षों में पंचायत क्षेत्र में करीब 77 लाख रुपये के विकास कार्य कराए गए हैं। इनमें महतारी सदन, पीडीएस भवन, शेड निर्माण, उद्यान विकास, शौचालय, साइकिल स्टैंड और स्मार्ट क्लास जैसी जनहितकारी परियोजनाएं शामिल हैं।
कार्यक्रम के दौरान उन्होंने विद्यार्थियों और युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि राजनीति का उद्देश्य सत्ता नहीं, बल्कि जनसेवा है। उन्होंने कहा कि किसी व्यक्ति की पहचान उसकी प्रशंसा या आलोचना से नहीं, बल्कि उसके कर्मों से होती है। रामचरितमानस का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि “परहित सरिस धर्म नहीं भाई”, यानी दूसरों के जीवन में खुशियां लाना ही सबसे बड़ा धर्म है।



