छत्तीसगढ़

तीन बहनों ने एक साथ क्लियर किया NEET, बधाई देने घर पहुंचे डिप्टी सीएम

9 अगस्त 2026

कबीरधाम, 9 अगस्त 2026। कबीरधाम जिले के नेउर गांव की तीन बहनों किरण, ज्योति और सुमन महोबिया ने एक साथ NEET परीक्षा उत्तीर्ण कर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। तीनों की इस उपलब्धि पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा रविवार को उनके घर पहुंचे और छात्राओं से मुलाकात कर उन्हें बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

इस दौरान उप मुख्यमंत्री ने छात्राओं के माता-पिता भगवती महोबिया और राम महोबिया सहित परिवार के सदस्यों से भी मुलाकात की। उन्होंने कहा कि एक ही परिवार की तीन बहनों का एक साथ मेडिकल प्रवेश परीक्षा में सफल होना पूरे परिवार के लिए गौरव का विषय है। साथ ही यह उपलब्धि क्षेत्र और जिले के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है।

घर पर ऑनलाइन तैयारी कर हासिल की सफलता

तीनों बहनों ने घर पर रहकर ऑनलाइन कोचिंग के माध्यम से NEET की तैयारी की। पढ़ाई के दौरान उन्होंने एक-दूसरे का सहयोग किया और लगातार अपने लक्ष्य पर ध्यान केंद्रित रखा।

ज्योति और सुमन ने अपने पहले ही प्रयास में NEET परीक्षा उत्तीर्ण की है। दोनों ने स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, बोड़ला से स्कूली शिक्षा पूरी की। वहीं बड़ी बहन किरण ने दूसरे प्रयास में सफलता हासिल की। किरण ने सरस्वती शिशु मंदिर, पांडातराई से अपनी स्कूली पढ़ाई पूरी की है।

डिप्टी सीएम ने जाना तैयारी का अनुभव

मुलाकात के दौरान विजय शर्मा ने तीनों छात्राओं से उनकी स्कूली शिक्षा, NEET की तैयारी और आगे की काउंसलिंग प्रक्रिया के बारे में जानकारी ली। उन्होंने कहा कि एक ही घर में रहकर तीन बहनों का कठिन मेडिकल प्रवेश परीक्षा की तैयारी करना और सफलता हासिल करना बड़ी उपलब्धि है।

उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद मेहनत और दृढ़ संकल्प के साथ बड़े लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं। तीनों बहनों की सफलता ग्रामीण क्षेत्र के उन विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा है, जो अपने गांव में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं।

डॉक्टर बनकर समाज की सेवा का दिया संदेश

उप मुख्यमंत्री ने छात्राओं से मेडिकल कॉलेज में प्रवेश के बाद पूरी लगन और मेहनत से पढ़ाई करने की अपील की। उन्होंने कहा कि डॉक्टर बनने के बाद अच्छे संस्थानों और अस्पतालों में अनुभव हासिल करने के साथ अपने क्षेत्र और समाज के प्रति जिम्मेदारी का भाव भी बनाए रखें।

उन्होंने तीनों बहनों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनकी शिक्षा और अनुभव का लाभ जरूरतमंद लोगों तक पहुंचे और वे भविष्य में अपने क्षेत्र व समाज की सेवा में योगदान दें।

Related Articles

Back to top button