युवाओं को ओपी की सीख: हौसला मजबूत रखें, चुनौतियों को पार कर लक्ष्य तक पहुंचें
14 अगस्त 2026

रायपुर, 14 अगस्त 2026। वित्त मंत्री ओ.पी. चौधरी ने युवाओं से जीवन की चुनौतियों से घबराने के बजाय उनका डटकर सामना करने और अपने लक्ष्य की दिशा में लगातार प्रयास करते रहने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं में अपार ऊर्जा और सामर्थ्य है और यदि इसे सही दिशा मिले तो देश में बड़ा सकारात्मक बदलाव लाया जा सकता है।
बलौदाबाजार के जिला ऑडिटोरियम में उच्च शिक्षा विभाग एवं राष्ट्रीय सेवा योजना राज्य प्रकोष्ठ की ओर से ‘नशामुक्त विकसित भारत, नशामुक्त सशक्त युवा’ और संत रविदास जयंती के अवसर पर युवा नेतृत्व एवं कौशल विकास क्षमता कार्यशाला आयोजित की गई। वित्त मंत्री चौधरी कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में शामिल हुए। इस दौरान राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा और पूर्व विधानसभा अध्यक्ष गौरीशंकर अग्रवाल भी मौजूद रहे।
मुश्किलें रोकने नहीं, मजबूत बनाने आती हैं
वित्त मंत्री ने युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि कठिनाइयों से घबराकर हार मानने के बजाय उनका सामना करना चाहिए। उन्होंने सड़क के गड्ढों का उदाहरण देते हुए कहा कि जिस तरह गड्ढों के कारण यात्रा नहीं रोकी जाती, उसी तरह जीवन की बाधाओं को पार करते हुए लक्ष्य की ओर बढ़ते रहना चाहिए।
उन्होंने युवाओं से अपने भीतर जुनून पैदा करने और कुछ कर गुजरने की इच्छा रखने का आह्वान किया। साथ ही सफलता के लिए चुनौतियों का सामना करने और सोच-समझकर जोखिम लेने की क्षमता विकसित करने की बात कही।
शंकराचार्य से भगत सिंह तक, युवाओं से सीखने की अपील
चौधरी ने कहा कि भारत के इतिहास में कई युवाओं ने कम उम्र में असाधारण उपलब्धियां हासिल की हैं। आदि शंकराचार्य, स्वामी विवेकानंद, खुदीराम बोस और शहीद भगत सिंह जैसे व्यक्तित्व आज भी युवाओं के लिए प्रेरणा हैं।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य में युवा शक्ति की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है और युवाओं को इस विकास यात्रा में सक्रिय भागीदारी निभानी चाहिए।
डिग्री के साथ कौशल भी जरूरी
वित्त मंत्री ने कहा कि आज के दौर में केवल डिग्री हासिल करना पर्याप्त नहीं है। युवाओं को अपनी रुचि और क्षमता के अनुरूप कौशल विकास पर भी ध्यान देना होगा, ताकि वे बदलते रोजगार बाजार की जरूरतों के अनुसार खुद को तैयार कर सकें।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार 200 युवाओं को UPSC की निःशुल्क कोचिंग उपलब्ध करा रही है। इसके अलावा विभिन्न विभागों में सरकारी पदों पर भर्ती की प्रक्रिया भी जारी है।
चौधरी ने प्रदेश में शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में हुए विस्तार का उल्लेख करते हुए कहा कि मेडिकल कॉलेजों की संख्या बढ़ी है और नर्सिंग कॉलेजों की संख्या 24 तक पहुंच चुकी है। रायपुर में राष्ट्रीय महत्व के कई संस्थान स्थापित होने से युवाओं के लिए शिक्षा और रोजगार के नए अवसर भी बढ़े हैं।
सोशल मीडिया को बनाएं सीखने का माध्यम
युवाओं को सोशल मीडिया के इस्तेमाल को लेकर भी वित्त मंत्री ने सलाह दी। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया विचारों के आदान-प्रदान और नई चीजें सीखने का प्रभावी माध्यम है, लेकिन इसका इस्तेमाल सकारात्मक और रचनात्मक गतिविधियों के लिए होना चाहिए। युवाओं को भ्रामक और नकारात्मक सामग्री से दूरी बनाने की जरूरत है।
नशे के खिलाफ सामूहिक लड़ाई जरूरी: टंकराम वर्मा
राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने युवाओं में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति को गंभीर चुनौती बताया। उन्होंने कहा कि केवल नशे की आलोचना करने से समस्या खत्म नहीं होगी, बल्कि समाज के सभी वर्गों को मिलकर इसके खिलाफ अभियान चलाना होगा।
उन्होंने कहा कि 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने में युवाओं की भूमिका अहम है। यदि युवा नशे के चंगुल में फंसते हैं तो इसका नुकसान केवल उनके परिवार को नहीं, बल्कि पूरे राष्ट्र को होता है। उन्होंने संत रविदास के बताए मार्ग पर चलकर छत्तीसगढ़ को विकसित और अग्रणी राज्य बनाने के लिए सामूहिक प्रयास की अपील की।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष आकांक्षा जायसवाल, पूर्व विधायक शिवरतन शर्मा, डॉ. सनम जांगड़े, प्रमोद शर्मा, जनपद अध्यक्ष सुलोचना यादव सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे।



