तीन दोस्तों का ‘क्राइम बिजनेस’, 21 अगस्त से स्ट्रीम होगी ‘क्लीन अप कंपनी’

मुंबई, 17 अगस्त 2026। तीन दोस्तों की जिंदगी तब बदल जाती है, जब लाशों को ठिकाने लगाने का काम उनके लिए एक अनोखे बिजनेस में बदल जाता है। इसी दिलचस्प कहानी पर आधारित MX ओरिजिनल सीरीज ‘क्लीन अप कंपनी’ का ट्रेलर जारी कर दिया गया है। 8 एपिसोड की यह क्राइम-कॉमेडी सीरीज 21 अगस्त 2026 से मुफ्त स्ट्रीम होगी।
सीरीज में अमेय वाघ, विशाल जेठवा, अजितेश गुप्ता, जिशु सेनगुप्ता, सस्वता चटर्जी और रवि किशन प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। जियो स्टूडियोज की प्रस्तुति और GSEAMS प्रोडक्शंस की इस सीरीज का लेखन और निर्देशन रोहन घोष ने किया है, जबकि कोणारक मुखर्जी सह-लेखक हैं।
लाशों को ठिकाने लगाने से शुरू हुआ कारोबार
‘क्लीन अप कंपनी’ की कहानी सारिबगंज शहर की है, जहां अपराध, गैंगवार और राजनीतिक दबदबे का गहरा असर है। राजू, स्वपन और गोल्डी तीन दोस्त हैं, जिन्हें गैंगस्टर अब्बास एक हत्या के बाद लाश ठिकाने लगाने का काम देता है। शुरुआत में यह काम उनके लिए मजबूरी और कमाई का जरिया होता है, लेकिन बाद में तीनों इसी काम को अपना नया बिजनेस बना लेते हैं।
वे अपनी ‘क्लीन अप कंपनी’ शुरू करते हैं, जो अपराध के बाद सबूत और लाशें ठिकाने लगाने का काम करती है। कारोबार बढ़ने के साथ ही तीनों की मुश्किलें भी बढ़ती जाती हैं और वे शहर के प्रभावशाली गैंगस्टर्स के निशाने पर आ जाते हैं।
क्राइम के बीच दोस्ती और डार्क ह्यूमर
सीरीज की कहानी सिर्फ अपराध तक सीमित नहीं है। इसमें तीनों दोस्तों की दोस्ती, उनके सपने, सर्वाइवल और डार्क ह्यूमर को भी कहानी का अहम हिस्सा बनाया गया है। एक गलत फैसला दूसरे फैसले को जन्म देता है और देखते ही देखते तीनों ऐसे अपराधी नेटवर्क में फंस जाते हैं, जिससे बाहर निकलना उनके लिए लगातार मुश्किल होता जाता है।
इसी बीच एक जांबाज महिला आईपीएस अधिकारी भी सारिबगंज के क्रिमिनल नेटवर्क तक पहुंचने की कोशिश करती है। इससे तीनों दोस्तों के सामने खतरा और बढ़ जाता है। गैंगस्टर्स, पुलिस, राजनीति और अपने पुराने जीवन से बाहर निकलने की कोशिश के बीच उनकी कहानी आगे बढ़ती है।
21 अगस्त से मुफ्त स्ट्रीमिंग
‘क्लीन अप कंपनी’ का निर्देशन एवं लेखन रोहन घोष ने किया है। कोणारक मुखर्जी इसके सह-लेखक हैं। ज्योति देशपांडे, कार्तिक निशानदार और अर्जुन सिंघ बरन ने सीरीज का निर्माण किया है।
सीरीज 21 अगस्त 2026 से प्राइम वीडियो और MX प्लेयर बाय प्राइम वीडियो के एंड्रॉयड ऐप पर मुफ्त और एक्सक्लूसिव स्ट्रीम होगी। इसे मोबाइल डिवाइस, कनेक्टेड टीवी, अमेजन शॉपिंग ऐप, प्राइम वीडियो और फायर टीवी पर भी देखा जा सकेगा।



