छत्तीसगढ़

पुसौर BJP में बगावत के संकेत! 8 पार्षदों ने एक साथ दिया इस्तीफे का आवेदन…

पानी-सड़क-नाली के मुद्दों पर जताई नाराजगी

रायगढ़, 17 सितंबर 2026। पुसौर नगर पंचायत में भारतीय जनता पार्टी को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। नगर पंचायत के 8 भाजपा पार्षदों ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने का निर्णय लेते हुए जिला भाजपा अध्यक्ष अरुणधर दीवान को आवेदन सौंपा है। पार्षदों ने अपने इस्तीफे स्वीकार करने का अनुरोध किया है।

इस्तीफे के आवेदन के बाद अब जिला भाजपा संगठन के अगले कदम पर नजरें टिकी हैं।

नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर पार्षदों ने उठाए सवाल

इस्तीफा देने वाले पार्षदों ने नगर पंचायत के प्रशासनिक कामकाज, शासकीय कर्मचारियों और नगर पंचायत अध्यक्ष की कार्यप्रणाली को लेकर नाराजगी जताई है। पार्षदों का आरोप है कि नगर पंचायत में विकास कार्यों की गति और स्थिति संतोषजनक नहीं है, जिसके चलते उन्हें अपने-अपने वार्डों में जनता की समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।

पानी, बिजली, सड़क और नाली के काम नहीं होने का आरोप

पार्षदों के मुताबिक उनके वार्डों में पानी, बिजली, सड़क और नाली जैसी बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कई आवश्यक कार्य अपेक्षित तरीके से नहीं हो पा रहे हैं। उनका यह भी कहना है कि पार्षद निधि से प्रस्तावित और स्वीकृत कार्यों में भी पर्याप्त तेजी नहीं दिखाई दे रही है।

पार्षदों ने कहा कि जनप्रतिनिधि होने के बावजूद यदि वार्ड की मूलभूत समस्याओं का समाधान नहीं हो पाता है, तो इसका असर जनता के बीच उनकी जवाबदेही पर पड़ता है।

अब संगठन के फैसले पर नजर

इन्हीं मुद्दों को लेकर नाराजगी जताते हुए पुसौर नगर पंचायत के 8 भाजपा पार्षदों ने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा देने के लिए जिला भाजपा अध्यक्ष को आवेदन सौंपा है।

हालांकि, इस्तीफे स्वीकार किए जाएंगे या नहीं, इस पर अंतिम निर्णय जिला भाजपा संगठन को लेना है। अब संगठन इस पूरे मामले में क्या कदम उठाता है और पार्षदों के इस्तीफे को लेकर क्या निर्णय लिया जाता है, इसे लेकर राजनीतिक हलकों में नजर बनी हुई है।

Related Articles

Back to top button