छत्तीसगढ़

सेवा संकल्प अभियान में डिप्टी CM विजय शर्मा ने किया रक्तदान

युवाओं से बोले- नियमित रक्तदान को बनाएं आदत

जगदलपुर/रायपुर, 18 सितंबर 2026। ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने गुरुवार को जगदलपुर के महारानी अस्पताल पहुंचकर रक्तदान किया। इस दौरान वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री केदार कश्यप भी मौजूद रहे। महारानी अस्पताल और शासकीय मेडिकल कॉलेज, डिमरापाल में जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से वृहद रक्तदान शिविर आयोजित किया गया।

रक्तदान के बाद उप मुख्यमंत्री ने शिविर में मौजूद अन्य रक्तदाताओं से मुलाकात की और उनके सेवा भाव की सराहना की। उन्होंने कहा कि एक यूनिट रक्त आपातकालीन परिस्थितियों, गंभीर बीमारियों और दुर्घटनाओं में घायल मरीजों के लिए जीवनरक्षक साबित हो सकता है। उन्होंने रक्तदान शिविर में सेवाएं दे रहे चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों और स्वयंसेवकों के प्रयासों की भी सराहना की।

युवाओं से नियमित रक्तदान की अपील

विजय शर्मा ने युवाओं से ‘सेवा संकल्प अभियान’ से जुड़ने और नियमित रक्तदान को अपनी आदत बनाने का आह्वान किया। उनके अनुसार अभियान के तहत अगले एक महीने तक समाज और जनसरोकार से जुड़े विभिन्न सेवा कार्य आयोजित किए जाएंगे।

एड्स जागरूकता पर नाटक भी देखा

महारानी अस्पताल में उप मुख्यमंत्री ने एड्स की जागरूकता, बचाव और आधुनिक उपचार पर आधारित एक ज्ञानवर्धक नाटक भी देखा। प्रस्तुति के जरिए बीमारी से जुड़ी भ्रांतियों को दूर करने और समय पर आधुनिक चिकित्सा अपनाने का संदेश दिया गया। शर्मा ने कलाकारों की प्रस्तुति की सराहना की।

अस्पताल परिसर में किया पौधरोपण

कार्यक्रम के दौरान विजय शर्मा और केदार कश्यप ने महारानी अस्पताल परिसर में पौधरोपण भी किया। उन्होंने पौधों की देखभाल और सुरक्षा का संकल्प दोहराते हुए लोगों से पर्यावरण संरक्षण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की।

रक्तदान शिविर में आम नागरिकों, सामाजिक संगठनों और युवाओं ने भी हिस्सा लिया। आयोजन में बड़ी संख्या में रक्त यूनिट एकत्रित की गईं, जिससे स्थानीय स्तर पर रक्त की उपलब्धता को मजबूती मिलने की उम्मीद है। कार्यक्रम में महापौर संजय पांडेय, युवा आयोग के अध्यक्ष विश्व विजय सिंह तोमर, पूर्व विधायक डॉ. सुभाऊ कश्यप, कलेक्टर आकाश छिकारा, पुलिस अधीक्षक शलभ सिन्हा समेत जनप्रतिनिधि, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी और रक्तदाता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button