अंतराष्ट्रीय

पूर्वी अफगानिस्तान में भूकंप: 622 से ज्यादा लोगों की मौत, 1300 से ज्यादा घायल

काबुल/नई दिल्ली। पूर्वी अफगानिस्तान में रविवार देर रात आए एक शक्तिशाली भूकंप ने तबाही मचा दी है। 6.0 तीव्रता के इस भूकंप ने पाकिस्तान सीमा से लगे कुनार और नंगरहार प्रांत में कई गांवों को खंडहर में बदल दिया। अब तक 622 से अधिक लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि 1300 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं।

अफगानिस्तान की तालिबान सरकार के गृह मंत्रालय प्रवक्ता अब्दुल मतीन कानी ने जानकारी दी कि अकेले कुनार प्रांत में 610 लोगों की मौत और 1300 घायल हुए हैं। वहीं नंगरहार प्रांत में अब तक 12 लोगों की मौत और सैकड़ों के घायल होने की खबर है।

अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) के मुताबिक, यह भूकंप रात 11:47 बजे आया, जिसका केंद्र जलालाबाद शहर से 27 किमी पूर्वोत्तर में और महज 8 किमी की गहराई में था। इतनी कम गहराई वाला भूकंप ज्यादा नुकसान पहुंचाता है।

गांव तबाह, बचाव अभियान जारी
कुनार आपदा प्रबंधन प्राधिकरण ने बताया कि नूर गुल, सोकी, वातपुर, मनोगी और चापादारे जिलों में सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है। यहां कम से कम 250 मौतें और 500 घायलों की पुष्टि हुई है।

स्वास्थ्य मंत्रालय के प्रवक्ता शराफत जमान ने कहा – “बचाव अभियान जारी है। कई गांव पूरी तरह तबाह हो चुके हैं। शहीदों और घायलों के आंकड़े लगातार बदल रहे हैं। चिकित्सा दल काबुल, कुनार और नंगरहार से मौके पर पहुंच चुके हैं।”

जलालाबाद सबसे अधिक प्रभावित
जलालाबाद, जो पाकिस्तान से लगते हुए एक प्रमुख व्यापारिक शहर है, भी भूकंप से प्रभावित हुआ है। यहां की आबादी लगभग 3 लाख है और ज्यादातर घर कंक्रीट, ईंट और मिट्टी से बने हैं। कमजोर निर्माण की वजह से बड़े पैमाने पर इमारतें ढह गईं।

पहले भी झेल चुका है अफगानिस्तान भयावह आपदा
याद रहे कि 7 अक्तूबर 2023 को भी अफगानिस्तान में 6.3 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसमें हजारों लोग मारे गए थे। संयुक्त राष्ट्र ने मृतकों की संख्या लगभग 1,500 बताई थी, जबकि तालिबान सरकार का दावा था कि 4,000 से ज्यादा लोग मारे गए।

Related Articles

Back to top button