छत्तीसगढ़

गरियाबंद में बड़ी कार्रवाई: नेशनल हाइवे किनारे बनी अवैध दुकानें जमींदोज

गरियाबंद, 06 अक्टूबर। जिला मुख्यालय गरियाबंद में सोमवार सुबह प्रशासन ने नेशनल हाइवे किनारे बने अवैध व्यवसायिक कॉम्प्लेक्स पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 22 दुकानों को जमींदोज कर दिया। नगर पालिका की रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की गई।

जानकारी के अनुसार, कब्रिस्तान से सटी भूमि पर बिना भवन अनुज्ञा लिए इन दुकानों का निर्माण किया गया था। नगर पालिका से अनुमति न होने के कारण गरियाबंद एसडीएम ने इन्हें अवैध घोषित किया और ध्वस्तीकरण का आदेश दिया।

अधिकारी और बल रहे मौके पर तैनात
कार्रवाई के दौरान अपर कलेक्टर पंकज डाहिरे की निगरानी में दो एसडीएम, दो तहसीलदार, दो नायब तहसीलदार और नगर पालिका के अधिकारी मौजूद थे। कुल मिलाकर छह से अधिक राजपत्रित अधिकारी इस अभियान में शामिल रहे।

कार्रवाई से पूर्व प्रशासन ने संबंधित पक्ष से बातचीत कर उनका पक्ष भी जाना। हालांकि, एसडीएम के आदेश के खिलाफ दूसरी पार्टी ने राजस्व मंडल में अपील दाखिल की है।

200 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात
कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जिले के सभी निरीक्षक और करीब 200 पुलिसकर्मी शहर के विभिन्न हिस्सों में तैनात रहे। प्रशासन ने पूरी रात चौकसी बरती ताकि कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति न उत्पन्न हो।

अपर कलेक्टर पंकज डाहिरे ने कार्रवाई की पुष्टि करते हुए कहा कि “किसी भी अवैध निर्माण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।”

Related Articles

Back to top button