देह व्यापार मामले में ढाई साल से फरार मुख्य आरोपी पिंटू जायसवाल गिरफ्तार

रायपुर, 23 दिसंबर 2025। देह व्यापार से जुड़े एक गंभीर मामले में थाना सिविल लाइन पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए ढाई साल से फरार मुख्य आरोपी पिंटू जायसवाल उर्फ गजेंद्र जायसवाल को गिरफ्तार कर लिया है।
यह मामला थाना सिविल लाइन के अपराध क्रमांक 311/23 से जुड़ा है, जिसमें आरोपी के खिलाफ पीटा एक्ट की धारा 4, 5, 7 और भारतीय दंड संहिता की धारा 370 के तहत अपराध दर्ज है। 24 जून 2023 को वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में सिविल लाइन क्षेत्र के शंकर नगर स्थित द माइंड वेलनेस स्पॉ सेंटर में छापेमारी की गई थी। इस कार्रवाई में स्पॉ सेंटर की मैनेजर आशियाना यादव (थर्ड जेंडर) और सहायक मैनेजर राकेश महानंद को गिरफ्तार किया गया था। उनके कब्जे से घटना से संबंधित दो मोबाइल फोन भी जप्त किए गए थे।
गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में चालान पेश किया गया था, जबकि स्पॉ सेंटर का संचालक पिंटू जायसवाल उर्फ गजेंद्र जायसवाल घटना के बाद से फरार चल रहा था। उसके विरुद्ध धारा 173(8) दंप्रसं के तहत विवेचना जारी रखी गई थी। इस मामले की जांच नगर पुलिस अधीक्षक सिविल लाइन, रायपुर रमाकांत साहू के मार्गदर्शन में की जा रही थी।
फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने तकनीकी विश्लेषण के साथ-साथ उसके गृह ग्राम कलमी बरमपुर, जिला मुंगेली सहित संभावित ठिकानों पर लगातार पतासाजी और छापेमारी की। सिविल लाइन थाना और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की टीम ने लगातार प्रयास करते हुए अंततः आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की।
पुलिस के अनुसार, आरोपी लगभग ढाई वर्षों से फरार था। उसकी गिरफ्तारी में मुंगेली पुलिस का भी महत्वपूर्ण सहयोग रहा।
गिरफ्तार आरोपी का विवरण:
पिंटू जायसवाल उर्फ गजेंद्र जायसवाल, पिता स्व. संतोष जायसवाल, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम बरमपुर, थाना लालपुर, जिला मुंगेली।
पुलिस ने बताया कि आरोपी से आगे की पूछताछ की जा रही है और मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई जारी है।



