छत्तीसगढ़

युक्तियुक्तकरण के बाद ज्वाइन नहीं करने वाले शिक्षकों को आरोप पत्र जारी

बिलासपुर, 27 दिसंबर 2025। युक्तियुक्तकरण के बाद नई पदस्थापना पर अब तक ज्वाइन नहीं करने वाले शिक्षकों के खिलाफ शिक्षा विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। स्कूल शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव के निर्देश पर ऐसे शिक्षकों की सूची तैयार कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पहले चरण में नौ शिक्षकों को औपचारिक आरोप पत्र जारी किया गया है, जबकि शेष 11 शिक्षकों के खिलाफ भी जल्द आरोप पत्र जारी करने की तैयारी है।

शिक्षा विभाग में युक्तियुक्तकरण को लेकर चल रही खींचतान अब अनुशासनात्मक कार्रवाई तक पहुंच गई है। 11 दिसंबर को बिलासपुर जिले की समीक्षा बैठक के दौरान शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव ने युक्तियुक्तकरण की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई थी। मंथन सभाकक्ष में हुई इस बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी विजय टांडे को कड़ी फटकार लगी थी, वहीं दबाव के चलते कोटा के विकासखंड शिक्षा अधिकारी नरेंद्र मिश्रा बैठक के दौरान बेहोश हो गए थे।

मंत्री ने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि जिले में युक्तियुक्तकरण से जुड़े सभी लंबित मामलों का तत्काल निराकरण किया जाए और जो शिक्षक अपनी मूल पदस्थापना छोड़कर अन्यत्र जमे हुए हैं, उन्हें तुरंत वापस भेजा जाए। इसके बाद विभागीय जांच में जिले के चार ब्लॉकों में 20 ऐसे शिक्षक सामने आए, जिन्होंने शासन के आदेश के बावजूद अपनी मूल शाला में कार्यभार ग्रहण नहीं किया।

शासन के आदेश की अवहेलना को गंभीर मानते हुए पहले चरण में बिल्हा और मस्तूरी विकासखंड के नौ प्राथमिक शिक्षकों को आरोप पत्र जारी किए गए हैं। विभाग का कहना है कि इन शिक्षकों की मनमानी के कारण ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों में शिक्षकों की कमी बनी हुई है और शैक्षणिक व्यवस्था प्रभावित हो रही है। कोटा और तखतपुर ब्लॉक के शेष 11 शिक्षकों के मामलों की प्रक्रिया भी जारी है।

डीईओ का बयान
जिला शिक्षा अधिकारी विजय टांडे ने कहा कि शासन के निर्देशों का पालन करना हर कर्मचारी की जिम्मेदारी है। युक्तियुक्तकरण के तहत जिन शिक्षकों को मूल शाला में लौटने का आदेश दिया गया था, उन्होंने तय समय सीमा में कार्यभार ग्रहण नहीं किया। ऐसे नौ शिक्षकों को आरोप पत्र जारी किया गया है और बाकी मामलों की भी समीक्षा की जा रही है।

इन शिक्षकों को जारी हुआ आरोप पत्र

राजकुमार रात्रे, प्राथमिक शाला कर्रा लिमतरा (बिल्हा)

शिवकुमार सारथी, प्राथमिक शाला हिरीं (मस्तूरी)

उषा उपाध्याय, प्राथमिक शाला देवरी (मस्तूरी)

अंजू शर्मा, प्राथमिक शाला प्रभात चौक (बिल्हा)

मनीषा वर्मा, प्राथमिक शाला खमतराई (बिल्हा)

आकांक्षा पांडे, प्राथमिक शाला इंदिरा नगर (बिल्हा)

हर्षवर्धन सेंगर, प्राथमिक शाला मन्नाडोल (बिल्हा)

संतोषी शर्मा, प्राथमिक शाला कुटीपारा (बिल्हा)

श्वेता शर्मा, प्राथमिक शाला नयापारा बोदरी (बिल्हा)

शिक्षा विभाग ने साफ संकेत दिए हैं कि शासन के आदेशों की अनदेखी करने वाले शिक्षकों पर आगे और सख्त कार्रवाई की जा सकती है।

Related Articles

Back to top button