छत्तीसगढ़

नोवा स्पंज आयरन प्लांट में हादसा: पिघला लोहा गिरने से 4 मजदूर झुलसे

बिलासपुर, 11 मार्च 2026। बिलासपुर के बिल्हा थाना क्षेत्र स्थित नोवा स्पंज आयरन प्लांट में सोमवार देर रात बड़ा हादसा हो गया। फर्नेस सेक्शन में काम के दौरान अचानक पिघला हुआ लोहा मजदूरों पर गिरने से चार मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को तत्काल निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।

जानकारी के अनुसार देर रात करीब एक बजे शिफ्ट बदलने के बाद मजदूर काम में लगे हुए थे। इस दौरान नरेंद्र कोसले (ग्राम भैंसबोड़), चंद्रहास, धर्मवीर और विनय कुमार फर्नेस में पिघले हुए आयरन को लैडर में डालने का काम कर रहे थे। तभी अचानक खौलता हुआ लोहा उनके ऊपर गिर गया, जिससे चारों मजदूर बुरी तरह झुलस गए।

हादसे के बाद मौके पर मौजूद अन्य कर्मचारियों ने तुरंत घायलों को बाहर निकाला और प्लांट में मौजूद एक अधिकारी की कार से उन्हें प्रताप चौक स्थित निजी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों के अनुसार चारों मजदूर करीब 25 से 40 प्रतिशत तक झुलस गए हैं।

घायल मजदूर विनय कुमार ने बताया कि काम के दौरान लैडर का रिंग कट जाने से पिघला हुआ लोहा उछलकर उन पर गिर गया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्लांट प्रबंधन मजदूरों से बिना सुरक्षा उपकरणों के काम करवा रहा था। मजदूरों का कहना है कि फर्नेस जैसे संवेदनशील क्षेत्र में भी कर्मचारियों को सुरक्षा जैकेट, चश्मा और ईयर प्लग जैसे जरूरी उपकरण उपलब्ध नहीं कराए जाते।

घटना के बाद प्लांट में काम करने वाले मजदूरों में दहशत का माहौल है। फिलहाल पुलिस और औद्योगिक सुरक्षा विभाग ने मामले की जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि हादसा तकनीकी खराबी के कारण हुआ या सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही के चलते।

Related Articles

Back to top button