मनोरंजन

फैंस के लिए ‘भूत बंगला’ टीज़र का स्पेशल प्रिव्यू, सोशल मीडिया पर मचा धमाल

मुंबई, 11 मार्च 2026। अभिनेता अक्षय कुमार की बहुप्रतीक्षित फिल्म भूत बंगला को लेकर फैंस के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। फिल्म के मेकर्स ने टीज़र लॉन्च से पहले सुपरफैंस के लिए इसका स्पेशल प्रिव्यू आयोजित किया, जिसकी झलक मिलते ही सोशल मीडिया पर हलचल मच गई।

इस फिल्म के जरिए निर्देशक प्रियदर्शन और अक्षय कुमार की मशहूर जोड़ी करीब 14 साल बाद फिर साथ नजर आ रही है। दोनों ने पहले भी कई यादगार कॉमेडी फिल्में दी हैं, जिन्हें दर्शकों ने खूब पसंद किया है। ऐसे में इस जोड़ी की वापसी को लेकर फैंस में खासा उत्साह है।

फिल्म के टीज़र को देखने के बाद दर्शकों ने जोरदार प्रतिक्रिया दी। प्रिव्यू के दौरान फैंस सीटियां बजाते और तालियां बजाते नजर आए, वहीं कई लोगों ने टीज़र को दोबारा चलाने की मांग भी की। दर्शकों का कहना है कि इस फिल्म के जरिए अक्षय कुमार एक बार फिर अपने पुराने कॉमेडी अंदाज में नजर आने वाले हैं।

फिल्म का पहला गाना ‘राम जी आके भला करेंगे’ भी रिलीज होते ही इंटरनेट पर छा गया है और तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। गाने और टीज़र को मिल रहे रिस्पॉन्स से साफ है कि फिल्म को लेकर दर्शकों में जबरदस्त क्रेज बना हुआ है।

बालाजी मोशन पिक्चर्स और केप ऑफ गुड फिल्म्स के बैनर तले बन रही इस फिल्म में अक्षय कुमार के साथ वामीका गब्बी, परेश रावल, तबू और राजपाल यादव अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

फिल्म का निर्माण अक्षय कुमार, शोभा कपूर और एकता कपूर कर रहे हैं। यह फिल्म 10 अप्रैल 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है।

Related Articles

Back to top button