छत्तीसगढ़

प्रदेश में एलपीजी गैस व पेट्रोल-डीजल का पर्याप्त स्टॉक: खाद्य सचिव

रायपुर, 11 मार्च 2026। छत्तीसगढ़ में घरेलू एलपीजी गैस और पेट्रोल-डीजल की उपलब्धता को लेकर बुधवार को महानदी भवन स्थित मंत्रालय में महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की सचिव रीना बाबा साहेब कंगाले ने की।

बैठक में राज्य में घरेलू एलपीजी गैस तथा डीजल-पेट्रोल की उपलब्धता और आपूर्ति व्यवस्था की विस्तृत समीक्षा की गई। अधिकारियों ने जानकारी दी कि प्रदेश में संचालित पांच एलपीजी बॉटलिंग प्लांटों में पर्याप्त गैस स्टॉक उपलब्ध है और घरेलू गैस की आपूर्ति सामान्य रूप से जारी है।

खाद्य सचिव ने संचालक खाद्य और ऑयल कंपनियों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि एलपीजी गैस की दैनिक आपूर्ति और वितरण व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखी जाए, ताकि उपभोक्ताओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

बैठक में यह भी बताया गया कि वर्तमान में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडर मुख्य रूप से अस्पतालों और शैक्षणिक संस्थाओं जैसी आवश्यक सेवाओं को ही उपलब्ध कराए जा रहे हैं। इस पर सचिव कंगाले ने निर्देश दिया कि परीक्षाओं को ध्यान में रखते हुए छात्रावासों और शिक्षण संस्थानों को गैस की आपूर्ति प्राथमिकता से सुनिश्चित की जाए।

इसके अलावा उन्होंने यह भी कहा कि परिस्थितियों के अनुसार सीमित स्तर पर होटल व अन्य प्रतिष्ठानों को लगभग 15 प्रतिशत कमर्शियल गैस आपूर्ति देने पर भी विचार किया जाए। साथ ही जिलों में एलपीजी गैस के दुरुपयोग और अवैध रिफिलिंग रोकने के लिए प्रशासन को आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

बैठक में डीजल, पेट्रोल और सीएनजी की उपलब्धता की भी समीक्षा की गई। ऑयल कंपनियों ने बताया कि राज्य के सभी डिपो में इन ईंधनों का पर्याप्त स्टॉक मौजूद है और आपूर्ति सामान्य है।

खाद्य सचिव ने उपभोक्ताओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि प्रदेश में एलपीजी गैस और पेट्रोल-डीजल की कोई कमी नहीं है। उन्होंने कहा कि किसी भी शिकायत या जानकारी के लिए उपभोक्ता टोल फ्री नंबर 1800-233-3663 पर संपर्क कर सकते हैं।

Related Articles

Back to top button