छत्तीसगढ़

नारी शक्ति को सलाम: वर्ल्ड ब्राह्मण फेडरेशन ने विप्र महिलाओं को किया सम्मानित

रायपुर, 23 मार्च 2026। वर्ल्ड ब्राह्मण फेडरेशन एवं सर्व युवा ब्राह्मण परिषद छत्तीसगढ़ द्वारा नवरात्रि के पावन अवसर पर ‘महिला शिखर सम्मान’ एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का भव्य आयोजन सिविल लाइन्स स्थित वृंदावन हॉल में किया गया। इस दौरान प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 33 विप्र महिलाओं को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा, रायपुर महापौर मीनल चौबे, भाजपा प्रवक्ता शताब्दी पाण्डेय, डिप्टी कमिश्नर ऑफ पुलिस अर्चना झा सहित अन्य अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया।

नारी शक्ति पर वक्ताओं का जोर
मुख्य अतिथि लक्ष्मी वर्मा ने महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने और रोजगार के अवसरों से जुड़ने का संदेश दिया। महापौर मीनल चौबे ने नारी शक्ति की भूमिका और अपने अनुभव साझा किए। शताब्दी पाण्डेय ने महिलाओं को “नारायणी” बताते हुए परिवार और समाज में उनकी भूमिका पर प्रकाश डाला, वहीं अर्चना झा ने महिलाओं को अपने अंदर छिपी प्रतिभा को पहचानने और आत्मबल बढ़ाने की प्रेरणा दी।

33 महिलाओं को किया गया सम्मानित
वर्ल्ड ब्राह्मण फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद ओझा और महिला अध्यक्ष नमिता शर्मा ने बताया कि साहित्य, शिक्षा, चिकित्सा, समाजसेवा, कला, संगीत और पर्यावरण जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 33 महिलाओं को शॉल, स्मृति चिन्ह और पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन
कार्यक्रम में महिलाओं द्वारा जस-गीत, भजन, कविता पाठ और एकल व समूह नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दी गईं। इन प्रस्तुतियों ने पूरे आयोजन को जीवंत और रोचक बना दिया। प्रतिभागियों को भी अतिथियों द्वारा सम्मान पत्र प्रदान किए गए।

बड़ी संख्या में लोग रहे उपस्थित
कार्यक्रम में संगठन के राष्ट्रीय, प्रदेश और जिला स्तर के पदाधिकारी सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग उपस्थित रहे। मंच संचालन नमिता शर्मा और अरविंद ओझा ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन अविनय दुबे ने किया।

यह आयोजन न केवल नारी शक्ति के सम्मान का मंच बना, बल्कि समाज में महिलाओं की भूमिका और योगदान को भी मजबूती से सामने लाने का माध्यम साबित हुआ।

Related Articles

Back to top button