छत्तीसगढ़

म्यूल अकाउंट से लाखों का खेल, दो आरोपी गिरफ्तार

भिलाई में साइबर ठगी का बड़ा खुलासा

भिलाई, 29 मार्च 2026। दुर्ग पुलिस ने साइबर ठगी के एक संगठित नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए दो आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। आरोप है कि दोनों ने बैंक खातों को “म्यूल अकाउंट” के रूप में इस्तेमाल कर ऑनलाइन ठगी की रकम को अपने खातों में ट्रांसफर कराया और अवैध लाभ अर्जित किया।

पुलिस को यह कार्रवाई गृह मंत्रालय के समन्वय पोर्टल से प्राप्त जानकारी के आधार पर मिली, जिसमें कई संदिग्ध ट्रांजैक्शन सामने आए थे। जांच के दौरान पता चला कि बंधन बैंक के खातों का उपयोग ठगी की रकम प्राप्त करने के लिए किया जा रहा था।

इन आरोपियों की पहचान हुई
पहला आरोपी झावेश यादव (30) है, जिसने 30 अक्टूबर से 1 नवंबर 2024 के बीच ₹74,507 की ठगी राशि अपने खाते में प्राप्त की।
दूसरा आरोपी जितेंद्र यादव (31) है, जिसके खाते में 16 अगस्त से 30 सितंबर 2024 के बीच ₹1,66,336 जमा कराए गए।

ऐसे करते थे ठगी का खेल
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपियों ने बैंक में खाते खुलवाए और उन्हें साइबर अपराधियों को उपलब्ध कराया। इन खातों के जरिए ऑनलाइन ठगी से प्राप्त रकम को ट्रांसफर कर निकाला जाता था, जिससे ठगी के पैसे का ट्रैक करना मुश्किल हो जाता था।

कानूनी कार्रवाई शुरू
दोनों आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317(2) और 318(4) के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

पुलिस की अपील
दुर्ग पुलिस ने आम लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर बैंक खाता उपयोग न करें और अपनी बैंक डिटेल्स साझा करने से बचें। किसी भी संदिग्ध लेनदेन की तुरंत सूचना पुलिस को दें।

पुलिस का मानना है कि यह मामला एक बड़े साइबर नेटवर्क से जुड़ा हो सकता है, जिसकी जांच अभी जारी है।

Related Articles

Back to top button