फोरलेन पर भीषण हादसा: टूरिस्ट बस पलटी, महिला की मौत, 22 यात्री गंभीर

गाजीपुर, 9 अप्रैल 2026। यूपी में गाजीपुर जिले के नंदगंज थाना क्षेत्र में वाराणसी-गोरखपुर फोरलेन पर गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक टूरिस्ट बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि करीब 22 यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए। मृतका की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है।
पुलिस के अनुसार, बस महाराष्ट्र के जलगांव से आए यात्रियों को लेकर वाराणसी होते हुए नेपाल के काठमांडू से लौट रही थी। नैसारे गांव के पास फोरलेन पर एक बोलेरो वाहन को बचाने के प्रयास में चालक ने बस से नियंत्रण खो दिया, जिससे बस डिवाइडर से टकराकर पलट गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और तत्काल राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। सभी घायलों को मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक कई घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
एएसपी सिटी डॉ. राकेश कुमार मिश्रा स्वयं मेडिकल कॉलेज पहुंचे और घायलों का हाल जाना। पुलिस ने मृतका के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
बताया जा रहा है कि महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले समेत विभिन्न क्षेत्रों से करीब 95–96 यात्री दो बसों में सवार होकर पहले चित्रकूट और फिर काठमांडू गए थे। वापसी के दौरान यह हादसा हो गया।



