चौथिया की खुशियां मातम में बदलीं: पिकअप पलटने से 1 की मौत, 17 घायल

कुरुद/बालोद, 18 अप्रैल 2026। धमतरी जिले के एक यादव परिवार के लिए खुशियों का मौका उस समय मातम में बदल गया, जब चौथिया कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे लोगों से भरी पिकअप वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गई। बालोद जिले के झलमला-रानीमाई मार्ग पर हुए इस हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 17 लोग घायल हो गए। इनमें से 5 की हालत गंभीर बताई जा रही है।
शादी के बाद चौथिया कार्यक्रम में जा रहा था परिवार
मिली जानकारी के अनुसार, धमतरी जिले के भानपुरी निवासी टीकाराम यादव की बेटी का विवाह डौंडी ब्लॉक के ग्राम ढोर्ररीठमा में हुआ था। शुक्रवार शाम परिवार के करीब 35 सदस्य पिकअप वाहन में सवार होकर चौथिया कार्यक्रम में शामिल होने के लिए निकले थे। शाम करीब 6:30 बजे तालगांव के आगे रानीमाई मोड़ के पास वाहन अनियंत्रित होकर पलट गया। इस हादसे में सुरेश यादव (45 वर्ष) की मौके पर ही मौत हो गई।
ओवरलोडिंग और तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
घायलों के मुताबिक, पिकअप वाहन में क्षमता से अधिक लोग सवार थे। कुछ महिलाओं को पहले बस से भेजा गया था, जबकि बाकी लोग पिकअप में जा रहे थे। आरोप है कि चालक उमाशंकर निर्मलकर तेज रफ्तार में वाहन चला रहा था और यात्रियों की चेतावनी के बावजूद उसने गति कम नहीं की।
हादसे के बाद मची अफरा-तफरी
दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। कई लोग वाहन से उछलकर सड़क किनारे और झाड़ियों में जा गिरे। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तत्काल मदद करते हुए घायलों को बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।
बच्चे सुरक्षित, कई गंभीर रूप से घायल
वाहन में 5 से 10 वर्ष तक के करीब 10 बच्चे भी सवार थे, जो बीच में बैठे होने के कारण सुरक्षित बच गए। वहीं अन्य कई लोगों को सिर, हाथ-पैर में गंभीर चोटें आई हैं और कुछ के फ्रैक्चर की पुष्टि हुई है।
चालक पर लापरवाही के आरोप, जांच जारी
प्रारंभिक जांच में चालक के नशे में होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने उसका मेडिकल परीक्षण कराया है। चालक ने दावा किया कि मोड़ पर एक बाइक सवार को बचाने के प्रयास में वाहन अनियंत्रित हो गया। वहीं यह भी सामने आया है कि चालक को ड्राइविंग का सीमित अनुभव था।
पुलिस ने शुरू की कार्रवाई
बालोद थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा के अनुसार, दुर्घटनाग्रस्त वाहन को जब्त कर लिया गया है और मामले की जांच जारी है। जांच पूरी होने के बाद चालक के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए अन्य अस्पतालों में रेफर किया जा रहा है।



