निजी स्कूल के कैंपस में चल रही थी यूनिफॉर्म दुकान, प्रशासन ने किया सील

बिलासपुर, 23 मई 2026। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में निजी स्कूलों की मनमानी के खिलाफ जिला प्रशासन ने सख्त कदम उठाया है। St. Xavier’s School में अभिभावकों को एक तय दुकान से यूनिफॉर्म और कॉपी-किताबें खरीदने के लिए मजबूर किए जाने की शिकायतों के बाद प्रशासनिक टीम ने स्कूल परिसर में छापेमारी की। जांच में स्कूल कैंपस के भीतर नियमों के खिलाफ दुकान संचालित होती मिली, जिसे तत्काल बंद करा दिया गया।
वायरल वीडियो के बाद शुरू हुई कार्रवाई
मामला उस समय चर्चा में आया जब स्कूल परिसर में ड्रेस और अन्य सामग्री की ओवररेटिंग का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ। वीडियो सामने आने के बाद कलेक्टर Sanjay Agrawal के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी Vijay Kumar Tande के नेतृत्व में टीम ने स्कूल पहुंचकर जांच की।
जांच के दौरान यह पाया गया कि स्कूल परिसर के भीतर व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं और अभिभावकों पर वहीं से सामान खरीदने का दबाव बनाया जा रहा था।
ओवररेटिंग की शिकायत भी सही मिली
जांच टीम को मौके पर दुकान में तय कीमत से अधिक दर पर यूनिफॉर्म बेचे जाने की जानकारी भी मिली। इसके बाद प्रशासन ने तत्काल दुकान बंद करवाते हुए स्कूल प्रबंधन को नोटिस जारी कर दिया। अधिकारियों के मुताबिक मामले की विस्तृत जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
“शिक्षा के नाम पर मोनोपॉली बर्दाश्त नहीं”
कलेक्टर संजय अग्रवाल ने साफ कहा कि किसी भी स्कूल को अपने परिसर में किताब, कॉपी या यूनिफॉर्म बेचने की अनुमति नहीं है। उन्होंने कहा कि शासन के नियमों के अनुसार अभिभावकों को किसी एक दुकान से सामान खरीदने के लिए बाध्य नहीं किया जा सकता।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि शिक्षा के नाम पर आर्थिक दबाव या किसी प्रकार की मोनोपॉली को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अन्य निजी स्कूल भी जांच के दायरे में
इस कार्रवाई के बाद शहर के निजी स्कूलों और यूनिफॉर्म-किताब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है। जिला प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में अन्य निजी स्कूलों की भी जांच की जाएगी और जहां भी नियमों का उल्लंघन मिलेगा, वहां सख्त कार्रवाई की जाएगी।



