सुप्रीम कोर्ट की युवा अधिवक्ता शैली जैन ने बढ़ाया रायपुर का मान
‘जैन टैलेंट अवार्ड्स 2026’ में मिली विशेष पहचान

रायपुर/अहमदाबाद, 16 जून 2026। गुजरात के अहमदाबाद में आयोजित प्रतिष्ठित ‘जैन टैलेंट अवार्ड्स 2026’ समारोह में रायपुर की बेटी और सुप्रीम कोर्ट की युवा अधिवक्ता शैली जैन ने अपनी उपलब्धियों से छत्तीसगढ़ का गौरव बढ़ाया। राजधानी रायपुर के डी.डी. नगर निवासी शिरीष जैन एवं स्मिता जैन की सुपुत्री शैली जैन को राष्ट्रीय स्तर के इस आयोजन में विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित कर सम्मानित किया गया। वे कार्यक्रम में आमंत्रित सबसे युवा अतिथियों में शामिल रहीं।
B.A. LL.B. और LL.M. की शिक्षा प्राप्त कर वर्तमान में सुप्रीम कोर्ट में सक्रिय वकालत कर रहीं सुश्री जैन को न्याय क्षेत्र में उनकी उपलब्धियों, सामाजिक सरोकारों और युवा नेतृत्व के लिए प्रेरणास्रोत बनने के कारण यह सम्मान प्रदान किया गया। जैन समाज की युवा महिला अधिवक्ताओं में उनकी पहचान लगातार मजबूत हुई है।
120 से अधिक प्रतिभाओं को किया सम्मानित
समारोह की एक विशेष उपलब्धि यह भी रही कि शैली जैन को देशभर से विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 120 से अधिक प्रतिभाशाली व्यक्तित्वों को सम्मानित करने का अवसर मिला। राष्ट्रीय मंच पर सफल और प्रेरणादायी व्यक्तियों के साथ मंच साझा करना उनके लिए ही नहीं, बल्कि रायपुर और पूरे छत्तीसगढ़ के लिए गर्व का विषय रहा।
समाज और युवाओं के लिए प्रेरणा
सम्मान प्राप्त करने के बाद शैली ने कहा कि अहमदाबाद के इस प्रतिष्ठित मंच पर विशेष अतिथि के रूप में आमंत्रित होना उनके लिए बेहद भावुक और गर्व का क्षण है। उन्होंने जैन टैलेंट ब्रिज का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह सम्मान उन्हें समाज सेवा, महिला सशक्तिकरण और युवा नेतृत्व के क्षेत्र में और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है।
रायपुर में खुशी की लहर
शैली की इस उपलब्धि पर रायपुर के जैन समाज, सामाजिक संगठनों और शहरवासियों ने प्रसन्नता व्यक्त की है। समाज के प्रबुद्धजनों ने इसे छत्तीसगढ़ की युवा प्रतिभाओं के लिए प्रेरणादायक उपलब्धि बताते हुए शैली जैन और उनके परिवार को शुभकामनाएं दी हैं।
यह सम्मान न केवल शैली जैन की व्यक्तिगत सफलता का प्रतीक है, बल्कि रायपुर की नई पीढ़ी की प्रतिभा, मेहनत और राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ती पहचान का भी प्रमाण माना जा रहा है।



