विचारों की अलख और प्रतिभाओं का सम्मान: वर्ल्ड ब्राह्मण फेडरेशन का आयोजन

रायपुर, 16 जून 2026। वर्ल्ड ब्राह्मण फेडरेशन एवं सर्व युवा ब्राह्मण परिषद छत्तीसगढ़ के संयुक्त तत्वावधान में रविवार को सिविल लाइंस स्थित वृंदावन हॉल में संविधान जागरूकता व्याख्यान, कवि सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संविधान, सामाजिक जागरूकता, साहित्य और समाज सेवा से जुड़े विषयों पर चर्चा के साथ विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले व्यक्तियों का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन, गणेश वंदना एवं हनुमान चालीसा पाठ के साथ हुआ। वर्ल्ड ब्राह्मण फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद ओझा ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए संविधान जागरूकता अभियान की आवश्यकता पर प्रकाश डाला।
मुख्य वक्ता के रूप में अधिवक्ता एवं सामान्य जन चेतना मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंकज त्रिपाठी ने संविधान, कानून और संवैधानिक अधिकारों से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने अपने वक्तव्य में संविधान संशोधन और नागरिक अधिकारों पर विचार रखते हुए समाज में जागरूकता बढ़ाने की आवश्यकता बताई।
इसके बाद आयोजित कवि सम्मेलन में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से आए साहित्यकारों ने अपनी रचनाओं का पाठ कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। कवि सम्मेलन में गजेन्द्र द्विवेदी ‘गिरीश’, सीमा पांडेय, पंखुरी मिश्रा, राजकुमार धर द्विवेदी, श्रद्धा पाठक ‘स्वस्ती’, रमेश तिवारी, पूर्णिमा तिवारी सहित कई कवियों ने सामाजिक, सांस्कृतिक और समसामयिक विषयों पर काव्य प्रस्तुति दी।
सम्मान समारोह के दौरान संविधान और सामाजिक जागरूकता के क्षेत्र में योगदान के लिए पंकज त्रिपाठी को ‘विप्र गौरव सम्मान’, साहित्यकारों को ‘विप्र शब्द साधक सम्मान’ तथा समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय व्यक्तियों को ‘विप्र सेवा सम्मान’ से सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में वर्ल्ड ब्राह्मण फेडरेशन के राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारियों, विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों, साहित्यकारों, समाजसेवियों तथा ब्राह्मण समाज के बड़ी संख्या में लोगों की उपस्थिति रही। समारोह का संचालन अरविंद ओझा एवं कवि सम्मेलन का संचालन गजेन्द्र द्विवेदी ‘गिरीश’ ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन महिला अध्यक्ष नमिता शर्मा ने प्रस्तुत किया।



