Uncategorized

कांग्रेस विरोधी वीडियो पर बवाल: अंकित शर्मा के खिलाफ NSUI ने की FIR की मांग

रायपुर, 16 जून 2026। सोशल मीडिया पर कांग्रेस पार्टी के खिलाफ कथित रूप से आपत्तिजनक और छवि धूमिल करने वाले वीडियो पोस्ट किए जाने के विरोध में रायपुर जिला NSUI ने सरस्वती नगर थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है। संगठन ने सोशल मीडिया इंफ्लूएंसर अंकित शर्मा के खिलाफ FIR दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की मांग की है।

रायपुर जिला NSUI के जिला अध्यक्ष प्रशांत गोस्वामी के निर्देश पर जिला सचिव सुमित शुक्ला के नेतृत्व में पदाधिकारी और कार्यकर्ता सरस्वती नगर थाना पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि अंकित शर्मा द्वारा इंस्टाग्राम सहित अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार ऐसे वीडियो और पोस्ट साझा किए जा रहे हैं, जिनका उद्देश्य कांग्रेस पार्टी की छवि को नुकसान पहुंचाना और समाज में नफरत का माहौल पैदा करना है।

NSUI नेताओं का कहना है कि अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के नाम पर किसी भी राजनीतिक दल या विचारधारा के खिलाफ घृणा फैलाना उचित नहीं है। संगठन ने इसे लोकतांत्रिक मूल्यों और सामाजिक सौहार्द के लिए हानिकारक बताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

जिला सचिव सुमित शुक्ला ने कहा कि सोशल मीडिया का इस्तेमाल सकारात्मक संवाद के लिए होना चाहिए, न कि किसी राजनीतिक दल के खिलाफ नफरत फैलाने के लिए। यदि कोई व्यक्ति जानबूझकर समाज में वैमनस्य फैलाने या कांग्रेस पार्टी के प्रति घृणा पैदा करने का प्रयास करता है, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।

NSUI पदाधिकारियों ने थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपते हुए संबंधित व्यक्ति के खिलाफ FIR दर्ज करने और आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि मामले में उचित कार्रवाई नहीं की गई, तो आगे आंदोलनात्मक कदम भी उठाए जा सकते हैं।

इस दौरान दिव्यांश श्रीवास्तव, अनुज सिंह, कृष सहारे, सृजन साहू, पुष्पेंद्र जायसवाल सहित बड़ी संख्या में NSUI कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button