बस्तर संभाग से 61 निरीक्षकों का तबादला, मैदानी जिलों में नई पदस्थापना

रायपुर, 19 जून 2026। गृह विभाग ने बस्तर संभाग में पदस्थ पुलिस अधिकारियों के तबादले और नई पदस्थापना को लेकर बड़ा प्रशासनिक आदेश जारी किया है। जारी सूची के अनुसार बस्तर संभाग के विभिन्न नक्सल प्रभावित जिलों में तैनात 61 निरीक्षकों (इंस्पेक्टर) को संभाग से बाहर मैदानी जिलों में भेजा गया है।
राज्य पुलिस स्थापना बोर्ड की अनुशंसा पर जारी इस आदेश में कांकेर, सुकमा, नारायणपुर, बीजापुर, दंतेवाड़ा और जगदलपुर सहित बस्तर संभाग के जिलों में लंबे समय से सेवाएं दे रहे निरीक्षकों का स्थानांतरण किया गया है। पुलिस मुख्यालय से जारी आदेश पर पुलिस महानिदेशक (DGP) अरुणदेव गौतम के हस्ताक्षर हैं।
जानकारी के अनुसार स्थानांतरित किए गए अधिकांश अधिकारी वन टाइम प्रमोशन योजना के तहत निरीक्षक पद पर पदोन्नत हुए थे और कई वर्षों से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में अपनी सेवाएं दे रहे थे। लंबे समय तक चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में कार्य करने के बाद अब उन्हें प्रदेश के अन्य मैदानी जिलों में नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
सूत्रों का कहना है कि यह तबादला प्रशासनिक संतुलन बनाए रखने और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में नई कार्यशैली के साथ पुलिसिंग को मजबूत करने के उद्देश्य से किया गया है। वहीं मैदानी जिलों में भी अनुभवी अधिकारियों की सेवाओं का लाभ मिलेगा।
गृह विभाग के इस बड़े फेरबदल को पुलिस महकमे में महत्वपूर्ण प्रशासनिक बदलाव के रूप में देखा जा रहा है। आदेश जारी होने के बाद संबंधित अधिकारियों को शीघ्र नए पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए गए हैं।






