मनोरंजन

सिर्फ हीरो नहीं, ‘दबंग 3’ के क्रिएटिव फोर्स भी थे सलमान खान : निखिल द्विवेदी

डायलॉग्स से लेकर म्यूजिक तक दिया क्रिएटिव टच

मुंबई, 1 जुलाई 2026। अभिनेता और निर्माता निखिल द्विवेदी ने फिल्म ‘दबंग 3’ को लेकर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि सलमान खान सिर्फ फिल्म के लीड स्टार ही नहीं थे, बल्कि पर्दे के पीछे भी उनकी रचनात्मक भूमिका बेहद अहम रही। डायलॉग्स, वन-लाइनर्स और म्यूजिक तक में सलमान का महत्वपूर्ण योगदान था।

हाल ही में एक इंटरव्यू में निखिल द्विवेदी ने बताया कि फिल्म की शूटिंग के दौरान सलमान खान अक्सर नए वन-लाइनर्स और डायलॉग्स खुद तैयार करते थे। कई सीन सेट पर ही इम्प्रोवाइज किए जाते थे, जिससे फिल्म के कई संवाद और भी प्रभावशाली बन सके।

निखिल ने कहा, “ऐसे प्रोजेक्ट पर काम करना हमेशा मजेदार होता है क्योंकि कई चीजें शूटिंग के दौरान ही विकसित होती हैं। सलमान बेहद क्रिएटिव इंसान हैं। शायद लोग नहीं जानते कि वे लगातार नए डायलॉग्स और वन-लाइनर्स पर सोचते रहते हैं। फिल्म के म्यूजिक में भी उनकी अच्छी-खासी भागीदारी रहती है। उनके साथ काम करना हमेशा शानदार अनुभव होता है।”

उन्होंने बताया कि ‘दबंग 3’ के दौरान पूरी टीम ने मिलकर कई दृश्यों को मौके पर बेहतर बनाया, लेकिन सलमान खान की रचनात्मक सोच ने फिल्म को अलग पहचान देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

निखिल द्विवेदी इन दिनों बतौर निर्माता लगातार अलग विषयों पर आधारित फिल्मों से अपनी पहचान मजबूत कर रहे हैं। ‘वीरे दी वेडिंग’, ‘दबंग 3’, ‘CTRL’ और ‘बंदर’ जैसी फिल्मों के जरिए उन्होंने अलग-अलग जॉनर में काम किया है। फिल्म इंडस्ट्री में उन्हें ऐसे निर्माता के रूप में देखा जा रहा है, जो नई सोच और प्रयोगधर्मी कहानियों को बड़े पर्दे तक पहुंचाने का साहस रखते हैं।

Related Articles

Back to top button