छत्तीसगढ़

राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर नि:शुल्क होम्योपैथी स्वास्थ्य शिविर

सुधा सोसाइटी फाउंडेशन ने किया 11 चिकित्सकों का सम्मान

रायपुर, 1 जुलाई 2026। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर सुधा सोसाइटी फाउंडेशन द्वारा बुधवार को मेट्रो ग्रीन सोसाइटी, विधानसभा रोड स्थित परिसर में नि:शुल्क होम्योपैथी स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में स्थानीय निवासियों ने स्वास्थ्य परामर्श और नि:शुल्क दवाइयों का लाभ उठाया।

शिविर में वरिष्ठ होम्योपैथी चिकित्सक डॉ. प्राची उपाध्याय, डॉ. जे.के. तिवारी और डॉ. निशि अग्रवाल ने मरीजों की जांच कर नि:शुल्क स्वास्थ्य परामर्श दिया। इस दौरान 25 से अधिक लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया तथा विभिन्न बीमारियों के लिए आवश्यक दवाइयां भी नि:शुल्क वितरित की गईं।

कार्यक्रम के दौरान सुधा सोसाइटी फाउंडेशन के संस्थापक एवं चेयरमैन जी.के. भटनागर ने राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर भीमसेरिया अस्पताल और शुभ अस्पताल सहित विभिन्न संस्थानों के 11 चिकित्सकों को उनकी निस्वार्थ चिकित्सा सेवा के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करते हुए पौधे भेंटकर सम्मानित किया।

इसके साथ ही शिविर में अपनी सेवाएं देने वाले तीनों होम्योपैथी चिकित्सकों को भी उनके योगदान के लिए सम्मानित किया गया।

फाउंडेशन के इस प्रयास की मेट्रो ग्रीन सोसाइटी के निवासियों ने सराहना करते हुए इसे सामुदायिक स्वास्थ्य और जनसेवा की दिशा में एक सार्थक पहल बताया। आयोजकों ने कहा कि भविष्य में भी ऐसे स्वास्थ्य जागरूकता और नि:शुल्क चिकित्सा शिविरों का आयोजन जारी रहेगा।

Related Articles

Back to top button