छत्तीसगढ़

छत्तीसगढ़ में फिर मेहरबान हुआ मानसून, 48 घंटे भारी बारिश का अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में मानसून एक बार फिर सक्रिय हो गया है। बंगाल की खाड़ी में बने कम दबाव के क्षेत्र के प्रभाव से प्रदेशभर में बारिश की गतिविधियां तेज हो गई हैं। मौसम विभाग ने मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ समेत बस्तर संभाग के कई जिलों में अगले 48 घंटों के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है।

राजधानी रायपुर में शनिवार शाम से लगातार बारिश जारी है। पिछले 12 घंटों में शहर में करीब 15 सेंटीमीटर बारिश दर्ज की गई, जिससे कई इलाकों में जलभराव की स्थिति बन गई। लगातार वर्षा से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी और ओडिशा तट के पास बने सुस्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र तथा सक्रिय मानसूनी द्रोणिका के कारण प्रदेश में व्यापक वर्षा की अनुकूल परिस्थितियां बनी हुई हैं। इसके चलते आगामी दिनों में अधिकांश जिलों में अच्छी बारिश होने की संभावना है।

इस बारिश से किसानों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। प्रदेश में अब तक सामान्य से कम वर्षा होने के कारण खरीफ फसलों की बुआई प्रभावित हुई थी। मौसम में आए बदलाव से धान रोपाई और अन्य कृषि कार्यों में तेजी आने की संभावना जताई जा रही है।

पिछले 24 घंटे के दौरान दंतेवाड़ा जिले के बड़े बचेली में सर्वाधिक 140 मिमी बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा ओरछा और चांपा में 70-70 मिमी, जबकि कोंटा, कुटरू और भैरमगढ़ में 60-60 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।

मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने, जलभराव वाले क्षेत्रों से बचने और आवश्यक होने पर ही घर से बाहर निकलने की सलाह दी है।

Related Articles

Back to top button