छत्तीसगढ़

उद्योगों में लगातार हो रही दुर्घटनाएं सरकार और प्रबंधन की लापरवाही : सिद्दीक

उद्योगों में मजदूरों की मौत पर कांग्रेस का हमला, लापरवाही पर सरकार को घेरा

रायपुर, 8 जुलाई 2026। उरला स्थित थ्रीडी इनोवेशन फैक्ट्री में हुए ब्लास्ट में तीन मजदूरों की मौत और एक अन्य मजदूर के घायल होने की घटना पर कांग्रेस ने राज्य सरकार और उद्योग प्रबंधन को जिम्मेदार ठहराया है। कांग्रेस असंगठित क्षेत्र एवं समस्या निवारण प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद सिद्दीक ने घटना पर दुख जताते हुए कहा कि प्रदेश में उद्योगों में लगातार हो रही दुर्घटनाएं सरकार और फैक्ट्री प्रबंधन की लापरवाही का परिणाम हैं।

उन्होंने आरोप लगाया कि कई उद्योगों में मजदूरों से पर्याप्त सुरक्षा उपकरणों के बिना काम कराया जा रहा है, जिससे लगातार हादसे हो रहे हैं। उनका कहना था कि भाजपा सरकार मजदूरों की सुरक्षा को लेकर गंभीर नहीं है और केवल मुआवजा देकर अपनी जिम्मेदारी से बचने का प्रयास कर रही है।

मोहम्मद सिद्दीक ने कहा कि यदि सरकार नियमित रूप से उद्योगों में सुरक्षा मानकों की जांच कर सख्त कार्रवाई करे, तो इस तरह की घटनाओं को रोका जा सकता है।

उन्होंने दावा किया कि सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार मृतक मजदूरों के परिजनों को 30 लाख और 21 लाख रुपये का मुआवजा दिया गया है। उन्होंने कहा कि बीते दिनों भी कई औद्योगिक हादसों में मजदूर अपनी जान गंवा चुके हैं।

कांग्रेस नेता ने राज्य सरकार और फैक्ट्री प्रबंधन को चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मजदूरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो कांग्रेस मजदूरों की सुरक्षा के मुद्दे पर बड़ा आंदोलन करेगी।

Related Articles

Back to top button