24 जुलाई को रिलीज होगा ‘रामायणम्’ का ट्रेलर, मेकर्स ने किया ऐलान

मुंबई, 11 जुलाई 2026। निर्माता नमित मल्होत्रा की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘रामायणम्’ का ट्रेलर 24 जुलाई 2026 को दुनियाभर में रिलीज किया जाएगा। मेकर्स ने सोशल मीडिया के जरिए इसकी आधिकारिक घोषणा करते हुए बताया कि भारतीय संस्कृति और पौराणिक विरासत पर आधारित इस महागाथा की पहली विस्तृत झलक अब वैश्विक दर्शकों के सामने पेश की जाएगी।
मेकर्स ने पोस्ट साझा करते हुए लिखा, “भारत से दुनिया तक, रामायण का ट्रेलर 24 जुलाई 2026 को दुनिया भर में प्रीमियर होगा।” ट्रेलर रिलीज की घोषणा के साथ ही फिल्म को लेकर दर्शकों का उत्साह और बढ़ गया है।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही ‘रामायणम्’ भारत के सबसे महान महाकाव्यों में से एक को आधुनिक तकनीक और भव्य सिनेमाई प्रस्तुति के साथ बड़े पर्दे पर पेश करेगी। हाल ही में जारी ‘राम’ की पहली झलक को दर्शकों का जबरदस्त प्रतिसाद मिला था, जिसके बाद फिल्म को लेकर लगातार चर्चा बनी हुई है।
फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता, यश रावण, सनी देओल भगवान हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे हैं। दमदार स्टारकास्ट के साथ यह फिल्म भारतीय सिनेमा की सबसे महत्वाकांक्षी परियोजनाओं में गिनी जा रही है।
नमित मल्होत्रा के प्राइम फोकस स्टूडियो, 8 बार ऑस्कर विजेता वीएफएक्स स्टूडियो DNEG और यश की मॉन्स्टर माइंड क्रिएशंस के सहयोग से तैयार हो रही यह फिल्म दो भागों में रिलीज होगी। ‘रामायणम्: पार्ट 1’ दिवाली 2026 और ‘रामायणम्: पार्ट 2’ दिवाली 2027 में दुनिया भर के सिनेमाघरों और IMAX स्क्रीन पर रिलीज की जाएगी।



