अफगानिस्तान में भूकंप का कहर: 9 घंटे में पांच झटके, दहशत का माहौल

काबुल, 05 सितंबर 2025। अफगानिस्तान एक बार फिर भूकंप के झटकों से कांप उठा। बीते नौ घंटे में यहां पांच बार धरती हिली, जिससे लोगों में भारी दहशत का माहौल है।
लगातार झटके
नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (NCS) के मुताबिक भारतीय समयानुसार शुक्रवार सुबह 7:46 बजे 4.6 तीव्रता का भूकंप आया। इससे ठीक पहले 5.2 तीव्रता के झटके महसूस किए गए थे।
इससे पहले गुरुवार रात 11:58 बजे 4.1 तीव्रता और रात 3:16 बजे 4.9 तीव्रता के झटके दर्ज किए गए। भूकंप का केंद्र काबुल से 118 किलोमीटर दूर और 50 किलोमीटर गहराई में रहा। कुछ ही मिनट पहले आए झटकों की तीव्रता 5.8 मापी गई थी।
गुरुवार को भी हिली धरती
गुरुवार को दिन में भी 4.8 तीव्रता का भूकंप आया था, जो 135 किलोमीटर गहराई में दर्ज किया गया। वहीं, बुधवार देर रात 23:53 बजे भी 10 किलोमीटर गहराई में झटके महसूस किए गए थे। लगातार आफ्टरशॉक्स से प्रभावित इलाकों में दहशत बनी हुई है।
पहले ही हजारों मौतें
4 सितंबर की सुबह आए विनाशकारी भूकंप में अब तक 2,200 से अधिक लोगों की मौत और 3,000 से ज्यादा लोग घायल हो चुके हैं। सबसे ज्यादा तबाही कुनार और नंगरहार प्रांतों में हुई है।
राहत और सहायता
विश्व खाद्य कार्यक्रम (WFP) ने आपातकालीन सहायता भेजनी शुरू कर दी है। शुरुआती चरण में खाद्य सामग्री और उच्च-ऊर्जा वाले बिस्कुट भेजे गए हैं। अतिरिक्त राहत सामग्री पहुंचाने के लिए हवाई मार्ग से और उड़ानें तय की गई हैं।
भारत ने भी मदद का हाथ बढ़ाया है। विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने बताया कि 21 टन राहत सामग्री काबुल पहुंचा दी गई है। इसमें कंबल, टेंट, दवाइयां, स्वच्छता किट, पोर्टेबल वाटर प्यूरीफायर, रसोई के बर्तन, स्लीपिंग बैग और अन्य जरूरी सामान शामिल है।



