अंतराष्ट्रीय

नेपाल में उथल-पुथल: दुबई भागने की तैयारी में पीएम ओली…

राष्ट्रपति आवास समेत कई ठिकानों पर आगजनी

गृह मंत्री समेत 3 मंत्रियों ने दिया इस्तीफा

काठमांडू, 09 सितंबर 2025। नेपाल में जारी भारी विरोध प्रदर्शनों के बीच खबर है कि प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली दुबई जाने की तैयारी में हैं। सूत्रों के मुताबिक, ओली ने वहां अस्थायी शरण मांगी है और चिकित्सा उपचार के बहाने दुबई रवाना हो सकते हैं। सूत्रों के अनुसार, उन्होंने हिमायलन एयरलाइंस को तैयार रहने का आदेश भी दिया है। हालांकि, सरकार के मंत्री दावा कर रहे हैं कि ओली केवल इलाज के लिए दुबई जा रहे हैं।

राष्ट्रपति आवास पर हमला, कांग्रेस मुख्यालय में आग
प्रदर्शनकारियों ने काठमांडू में राष्ट्रपति राम चंद्र पौडेल के आवास पर कब्जा कर लिया। गुस्साई भीड़ ने वहां पथराव किया और आगजनी की। हालात संभालने के लिए पुलिस और सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं, लेकिन वे भीड़ के सामने बेबस दिखाई दे रहे हैं।

प्रदर्शनकारियों ने पूर्व प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ‘प्रचंड’, शेर बहादुर देउबा और ऊर्जा मंत्री दीपक खड़का के आवासों को भी नुकसान पहुंचाया है। इसके अलावा, नेपाली कांग्रेस मुख्यालय को आग के हवाले कर दिया गया।

राजनीतिक संकट गहराया, इस्तीफे की मांग तेज
बढ़ते दबाव के बीच प्रधानमंत्री ओली ने मंगलवार शाम को अपने आवास पर सर्वदलीय बैठक बुलाई है। बताया जा रहा है कि अब तक गृह मंत्री समेत तीन मंत्री इस्तीफा दे चुके हैं। गठबंधन की साझेदार नेपाली कांग्रेस में भी हलचल तेज है। पार्टी अध्यक्ष शेर बहादुर देउबा पर अपने नेताओं ने ओली से इस्तीफा मांगने का दबाव बनाया है।

सर्वदलीय बैठक के बाद ओली कोई बड़ा राजनीतिक निर्णय ले सकते हैं। नेपाल की सियासत इस समय अनिश्चितता और गहरे संकट में फंसी दिखाई दे रही है।

Related Articles

Back to top button