बिरनपुर घटना बीजेपी की सोची-समझी राजनीतिक साजिश: अजय साहू
सारंगढ़ में कांग्रेस की प्रेस वार्ता, सीबीआई चार्जशीट का हवाला देकर भाजपा पर निशाना

सारंगढ़, 06 अक्टूबर 2025। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के संयुक्त सचिव अजय साहू ने रविवार को जिला कांग्रेस कार्यालय, सारंगढ़ में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान बिरनपुर घटना को भाजपा की “सोची-समझी राजनीतिक साजिश” बताया। उन्होंने कहा कि सीबीआई द्वारा विशेष अदालत में दायर चार्जशीट से यह साफ हो गया है कि यह कोई राजनीतिक या सांप्रदायिक षड्यंत्र नहीं, बल्कि दो बच्चों के आपसी झगड़े से शुरू हुआ विवाद था, जिसने आगे चलकर गंभीर रूप ले लिया।
अजय साहू ने कहा,
“सीबीआई की जांच रिपोर्ट ने भाजपा का झूठ उजागर कर दिया है। भाजपा ने इस घटना को चुनावी लाभ के लिए सांप्रदायिक रंग देने की कोशिश की। उस समय भाजपा नेताओं ने कांग्रेस पर झूठे आरोप लगाए थे, जबकि जांच में कांग्रेस सरकार की कार्रवाई सही साबित हुई है।”
उन्होंने आरोप लगाया कि तत्कालीन भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अरुण साव, जो अब उपमुख्यमंत्री हैं, घटना स्थल पर जाकर भड़काऊ भाषण दिए और अग्निकांड के दौरान मौजूद थे। साहू ने कहा कि भाजपा ने घटना के बाद मृतक के पिता ईश्वर साहू को टिकट देकर सहानुभूति बटोरने की साजिश रची।
भाजपा नेताओं को जनता से माफी मांगनी चाहिए
अजय साहू ने कहा,
“सीबीआई की चार्जशीट में अंजोर यदु का कोई उल्लेख नहीं है, जिससे यह साबित होता है कि भाजपा का पूरा नैरेटिव झूठा था। अगर अरुण साव में नैतिकता है, तो उन्हें पद से इस्तीफा देकर जनता से माफी मांगनी चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को भी अपने गैरजिम्मेदाराना बयानों के लिए छत्तीसगढ़ की जनता से माफी मांगनी चाहिए।”
कांग्रेस नेताओं की रही बड़ी उपस्थिति
प्रेस वार्ता में विधायक उत्तरी जांगड़े, कविता लहरे, जिलाध्यक्ष ताराचंद देवांगन, प्रदेश प्रवक्ता धनंजय ठाकुर, जिला प्रभारी आलोक चंद्राकर, संदीप अग्रवाल, गोल्डी नायक, छत्रसाल साहू, सूरज तिवारी, घनश्याम मनहर, शरद यादव, अरुण मालाकार, बिनोद भारद्वाज सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस नेता मौजूद रहे।
कार्यक्रम के अंत में डॉ. अजय साहू ने पत्रकारों का धन्यवाद देते हुए मीडिया से अपील की कि वे “सच्चाई को निष्पक्ष रूप से जनता तक पहुँचाएं।”



