11 सूत्रीय मांगों को लेकर कर्मचारी-अधिकारियों की हड़ताल 29 से

रायपुर, 25 दिसंबर 2025। छत्तीसगढ़ में 11 सूत्रीय मांगों को लेकर प्रदेश के कर्मचारी-अधिकारी 29 से 31 दिसंबर तक तीन दिवसीय हड़ताल पर रहेंगे। प्रस्तावित “काम बंद–कलम बंद” आंदोलन को सफल बनाने के लिए छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के तत्वावधान में नवा रायपुर फेडरेशन द्वारा सभी विभागों में टेबल-टू-टेबल संपर्क अभियान चलाया जा रहा है।
फेडरेशन की जिला शाखा नवा रायपुर ने विभिन्न शासकीय कार्यालयों में कर्मचारियों और अधिकारियों से प्रत्यक्ष संपर्क किया। इस दौरान प्रांतीय संयोजक कमल वर्मा ने आंदोलन की तैयारियों की समीक्षा की और कर्मचारियों को आंदोलन की रणनीति व कार्ययोजना की जानकारी दी। उन्होंने सभी से एकजुट होकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की।
संपर्क अभियान के दौरान उपस्थित कर्मचारियों और अधिकारियों ने आंदोलन के समर्थन में सहमति जताई और 29, 30 व 31 दिसंबर 2025 को नवा रायपुर स्थित सभी शासकीय कार्यालयों में हड़ताल को सफल बनाने का भरोसा दिलाया।
अभियान में सहयोग देने वाले सभी कर्मचारियों और अधिकारियों के प्रति जय कुमार साहू, अध्यक्ष संचालनालय विभागाध्यक्ष कर्मचारी संघ एवं संरक्षक नवा रायपुर कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन ने आभार व्यक्त किया।
संपर्क अभियान में प्रमुख रूप से कमल वर्मा (प्रांतीय संयोजक), जय कुमार साहू (संरक्षक नवा रायपुर फेडरेशन), संतोष कुमार वर्मा (संयोजक), नंदलाल चौधरी (उपाध्यक्ष, राजपत्रित संघ), पी.एल. सहारा, बजरंग प्रजापति, कांति सूर्यवंशी (उप संयोजक), जागेश्वर भट्ट (अध्यक्ष, वन मुख्यालय अरण्य भवन), मीनू दास, आर.डी. मेहरा, सोनाली तिड़के (संयोजक, महिला प्रकोष्ठ), संजीत शर्मा (महासचिव), राजेश ठक्कर, कुमार वर्मा (उपाध्यक्ष), अनिल मालेकर (प्रांतीय महासचिव, कोषालयीन संघ), लोकेश वर्मा, जवाहर यादव (जिला अध्यक्ष, लिपिक संघ), जितेन्द्र बिस्वाल, आकाश त्रिपाठी (प्रवक्ता), अनिल वर्मा (मीडिया प्रभारी), महेन्द्र साहू (अध्यक्ष, वाहन चालक संघ) सहित बड़ी संख्या में कर्मचारी एवं अधिकारी उपस्थित रहे।



