टीआई ने जूते-टोपी उतारकर किया चरणस्पर्श, SSP ने किया लाइन अटैच

रायपुर, 26 दिसंबर 2025। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के स्वामी विवेकानंद एयरपोर्ट पर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के आगमन के दौरान एक थाना प्रभारी (टीआई) द्वारा किए गए विशेष सम्मान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए रायपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) लाल उमेद सिंह ने माना थाना प्रभारी टीआई मनीष तिवारी को लाइन अटैच कर दिया है।
दरअसल, सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में टीआई मनीष तिवारी पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के सामने पहले जूते उतारते, फिर टोपी निकालते और उसके बाद उनके चरण स्पर्श करते नजर आ रहे हैं। यह घटना एयरपोर्ट परिसर की बताई जा रही है। वीडियो सामने आते ही यह विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफार्मों पर चर्चा का विषय बन गया।
पुलिस विभाग ने माना अनुशासनहीनता
वीडियो वायरल होने के बाद SSP लाल उमेद सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। पुलिस विभाग के अनुसार, वर्दी में रहते हुए इस तरह सार्वजनिक रूप से व्यक्तिगत श्रद्धा का प्रदर्शन करना सेवा नियमों और अनुशासन के खिलाफ माना जाता है। इसी आधार पर टीआई मनीष तिवारी को लाइन अटैच किया गया है।
टीआई मनीष तिवारी वर्तमान में रायपुर जिले के माना थाना में पदस्थ थे। आदेश जारी होने के बाद उन्हें थाना प्रभार से हटाकर पुलिस लाइन भेज दिया गया है। साथ ही पूरे मामले की विभागीय जांच भी शुरू कर दी गई है।
सोशल मीडिया पर मिली-जुली प्रतिक्रियाएं
घटना के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। कुछ लोग इसे व्यक्तिगत आस्था से जोड़कर देख रहे हैं, जबकि कई यूजर्स का कहना है कि सरकारी वर्दी में इस तरह का आचरण अनुचित है और इससे पुलिस की निष्पक्ष छवि प्रभावित होती है।
फिलहाल पुलिस विभाग की ओर से जांच जारी है और आगे की कार्रवाई जांच रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।



