छत्तीसगढ़

डिजिटल दुनिया में विवेकपूर्ण चयन जरूरी है : डॉ. संजीव शुक्ला

राष्ट्रीय युवा दिवस पर अटल बिहारी वाजपेयी विवि में एनएसएस का विशेष व्याख्यान

बिलासपुर, 13 जनवरी 2026। स्वामी विवेकानंद की जयंती, राष्ट्रीय युवा दिवस पर अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय के शिक्षण विभाग की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई ने “समसामयिक डिजिटल युग में युवा: सामाजिक उत्तरदायित्व” विषय पर एक दिवसीय विशेष व्याख्यान का आयोजन किया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को डिजिटल युग की चुनौतियों और अवसरों से अवगत कराते हुए सामाजिक दायित्वों के प्रति जागरूक बनाना था।

मुख्य अतिथि बिलासपुर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक डॉ. संजीव शुक्ला (आईपीएस) ने अपने संबोधन में साइबर अपराध, डार्क नेट और ऑनलाइन जोखिमों पर सतर्कता की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि डिजिटल दुनिया में विवेकपूर्ण चयन जरूरी है। मजबूत पासवर्ड, टू-फैक्टर ऑथेंटिकेशन और सुरक्षित ब्राउजिंग जैसे उपायों पर उन्होंने व्यावहारिक सुझाव दिए। साथ ही प्रेरक प्रसंगों के माध्यम से परिश्रम और संकल्प को सफलता की कुंजी बताया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए कुलपति आचार्य ए.डी.एन. बाजपेयी ने कहा कि तकनीक तभी सार्थक है, जब वह समाज के कल्याण में योगदान दे। उन्होंने सोशल मीडिया के सकारात्मक उपयोग, डिजिटल साक्षरता, पर्यावरण संरक्षण और आपात स्थितियों में मोबाइल के SOS व लाइव लोकेशन जैसे फीचर्स की उपयोगिता पर प्रकाश डाला।

उद्घाटन सत्र में कंप्यूटर विज्ञान विभागाध्यक्ष डॉ. एच.एच. होता ने स्वागत भाषण देते हुए युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मूल शक्ति बताया। उन्होंने ‘स्टार्टअप इंडिया’ और ‘आत्मनिर्भर भारत’ का उल्लेख करते हुए युवाओं से रोजगार सृजनकर्ता बनने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में छात्र कल्याण अधिष्ठाता एवं जनसंपर्क अधिकारी डॉ. प्रमोद तिवारी सहित विभिन्न विभागों के सैकड़ों छात्र-छात्राएं, शोधार्थी और प्राध्यापक उपस्थित रहे। डिजिटल नैतिकता, साइबर सुरक्षा और उद्यमिता पर विशेषज्ञों ने उपयोगी सुझाव साझा किए। समापन पर अतिथियों को स्मृति-चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया।

कुलसचिव डॉ. तारनीश गौतम ने आभार प्रदर्शन करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को ज्ञान के साथ सामाजिक जिम्मेदारी भी सिखाते हैं। उन्होंने कहा, “युवा वही, जो स्वयं जले और दूसरों को भी प्रकाश दे।”

इस अवसर पर विश्वविद्यालय की एनएसएस इकाई द्वारा बलौदाबाजार में भी कार्यक्रम समन्वयक डॉ. मनोज सिन्हा और कार्यक्रम अधिकारी आदित्य प्रताप सिंह के मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने विभिन्न गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता की।

Related Articles

Back to top button