छत्तीसगढ़

मनरेगा आंदोलन पर लाठीचार्ज के विरोध में NSUI ने फूंका मोदी–योगी का पुतला

रायपुर, 13 जनवरी 2026। बनारस में चल रहे मनरेगा बचाओ संग्राम आंदोलन के दौरान शांतिपूर्ण प्रदर्शन पर पुलिस लाठीचार्ज, छात्रों से कथित मारपीट और NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष वरुण चौधरी की गिरफ्तारी के विरोध में छत्तीसगढ़ प्रदेश NSUI ने रायपुर में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और उत्तर प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का पुतला दहन किया।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए NSUI प्रदेश उपाध्यक्ष अमित शर्मा ने कहा कि मनरेगा बचाओ संग्राम गरीब, मजदूर, किसानों और ग्रामीण युवाओं के रोजगार अधिकारों की रक्षा के लिए चलाया जा रहा एक लोकतांत्रिक आंदोलन है। उन्होंने आरोप लगाया कि मनरेगा को कमजोर किया जा रहा है, मजदूरी भुगतान में देरी हो रही है, कार्य दिवस घटाए जा रहे हैं और बजट में कटौती की जा रही है, जिसके खिलाफ देशभर में छात्र और युवा आवाज उठा रहे हैं।

अमित शर्मा ने कहा कि शांतिपूर्ण आंदोलन कर रहे छात्रों और कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज करना और NSUI के राष्ट्रीय अध्यक्ष वरुण चौधरी के साथ कथित बर्बरता लोकतंत्र पर सीधा हमला है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य सरकारें जनआंदोलनों से डरकर दमन की राजनीति अपना रही हैं।

NSUI ने साफ किया कि छात्र, मजदूर और आम जनता के अधिकारों की लड़ाई से संगठन पीछे नहीं हटेगा। जब तक मनरेगा को पूरी मजबूती के साथ लागू नहीं किया जाता, मजदूरों को समय पर भुगतान और पूरा रोजगार नहीं दिया जाता, तब तक संघर्ष जारी रहेगा।

छत्तीसगढ़ NSUI ने मांग की है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष वरुण चौधरी को तत्काल रिहा किया जाए, आंदोलनकारी छात्रों पर दर्ज सभी मुकदमे वापस लिए जाएं और मनरेगा योजना को कमजोर करने की कथित साजिश बंद कर उसे पूरी तरह लागू किया जाए।

प्रदर्शन के दौरान “लोकतंत्र बचाओ”, “मनरेगा बचाओ” और “छात्र अधिकारों की रक्षा करो” जैसे नारे गूंजते रहे। इस मौके पर NSUI के प्रदेश और जिला स्तर के कई पदाधिकारी एवं छात्र नेता बड़ी संख्या में मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button