सुकमा में 29 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण

सुकमा, 14 जनवरी 2026। सुकमा जिले में दरभा डिवीजन के अंतर्गत सक्रिय 29 नक्सलियों ने हिंसा का रास्ता छोड़कर शांति की राह चुनी है। इन सभी कैडरों ने जिला प्रशासन और सुरक्षा बलों के समक्ष आत्मसमर्पण कर शासन की पुनर्वास नीति ‘पूना मार्गेम’ (नई राह) में शामिल होने का निर्णय लिया है।
बुधवार को सुकमा जिले के दरभा एवं केरलापाल एरिया कमेटी में सक्रिय रहे 29 नक्सलियों ने एसपी किरण चव्हाण, एएसपी रोहित शाह और सीआरपीएफ 74वीं बटालियन के कमांडेंट हिमांशु पांडे के समक्ष आत्मसमर्पण किया है। आत्मसमर्पित माओवादी दरभा डिवीजन की केरलापाल एरिया कमेटी में सक्रिय थे। इनमें से कई माओवादी जिले की बड़ी वारदातों में शामिल रहे हैं।
गोगुंडा क्षेत्र में नवीन सुरक्षा कैंप की स्थापना से न केवल नक्सलियों का आधार क्षेत्र सिमटा है, बल्कि उनका रसद और सूचना तंत्र (सपोर्ट सिस्टम) भी पूरी तरह ध्वस्त हो गया है। पुलिस का दावा है कि इस समर्पण के बाद केरलापाल एरिया कमेटी अब नक्सल मुक्त होने के अंतिम चरण में है।



