बीजापुर में मुठभेड़: नक्सली कमांडर पापाराव के मारे जाने की खबर…

बीजापुर, 17 जनवरी 2026। छत्तीसगढ़ में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षाबलों को बड़ी सफलता मिली है। बीजापुर जिले के नेशनल पार्क क्षेत्र में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें दो नक्सली मारे गए हैं। सूत्रों के अनुसार, मारे गए नक्सलियों में कुख्यात कमांडर पापाराव भी शामिल है। इसके अलावा एक अन्य नक्सली को भी ढेर किया गया है। घटनास्थल से दो AK-47 राइफल बरामद की गई हैं।
एसपी जितेंद्र यादव ने बताया कि नक्सलियों की मौजूदगी की सूचना पर जिला रिजर्व गार्ड (DRG) के जवानों ने ऑपरेशन लॉन्च किया था। शनिवार सुबह से ही सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच रुक-रुककर फायरिंग जारी है और फिलहाल मुठभेड़ पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, DRG के जवान नेशनल पार्क क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन चला रहे थे, तभी नक्सलियों से आमना-सामना हो गया। इस दौरान सुरक्षाबलों ने जवाबी कार्रवाई करते हुए दो नक्सलियों को मार गिराया। दोनों के शव और हथियार बरामद कर लिए गए हैं।
सूत्रों का कहना है कि इस इलाके में नक्सली लीडर पापाराव और दिलीप वेंडजा की मौजूदगी की खबर थी, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं की गई है। मुठभेड़ के बाद पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया गया है।
बीजापुर पुलिस ने जारी प्रेस नोट में बताया कि मुठभेड़ जारी होने के कारण ऑपरेशन स्थल और उसमें शामिल जवानों की संख्या से जुड़ी जानकारी फिलहाल साझा नहीं की जा रही है, ताकि सुरक्षाबलों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
गौरतलब है कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने 31 मार्च 2026 तक छत्तीसगढ़ सहित देश से नक्सलवाद के खात्मे का लक्ष्य रखा है। इसी दिशा में राज्य सरकार केंद्र के सहयोग से लगातार अभियान चला रही है। साथ ही राज्य की पुनर्वास नीति से प्रभावित होकर कई नक्सली सरेंडर भी कर रहे हैं, जबकि शेष नक्सलियों से हथियार छोड़ने की अपील की जा रही है।



