छत्तीसगढ़

जबलपुर-रायपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस का नाम हुआ मूकमाटी एक्सप्रेस

जैन समाज में हर्ष, डोंगरगढ़ आगमन पर होगा भव्य स्वागत

रायपुर, 17 जनवरी 2026। जबलपुर–रायपुर इंटरसिटी एक्सप्रेस का नाम बदलकर अब मूकमाटी एक्सप्रेस कर दिया गया है। यह नाम जैन संत आचार्य विद्यासागर महाराज द्वारा रचित प्रसिद्ध ग्रंथ मूकमाटी के नाम पर रखा गया है। ट्रेन के सभी डिब्बों पर नया नाम अंकित कर दिया गया है।

डोंगरगढ़ में होगा भव्य स्वागत
17 जनवरी को यह ट्रेन पहली बार मूकमाटी एक्सप्रेस के नाम से जबलपुर से रवाना होकर रायपुर पहुंचेगी। इस दौरान सुबह 11:30 बजे डोंगरगढ़ रेलवे स्टेशन पर इसके आगमन पर जैन समाज और शहरवासियों द्वारा भव्य स्वागत किया जाएगा।

डोंगरगढ़ का आचार्य विद्यासागर महाराज से गहरा आध्यात्मिक संबंध रहा है। चंद्रगिरि दिगंबर जैन तीर्थ में ही उन्होंने अपने जीवन के अंतिम दिन बिताए थे और सल्लेखना साधना के पश्चात देह त्याग किया था। इसी कारण चंद्रगिरि तीर्थ जैन समाज के लिए एक अत्यंत पवित्र स्थल के रूप में स्थापित हो चुका है।

दिगंबर जैन चंद्रगिरि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष सेठ सिंघई किशोर जैन ने बताया कि मूकमाटी एक्सप्रेस का नामकरण आचार्य विद्यासागर महाराज के प्रति सम्मान और श्रद्धा का प्रतीक है। उन्होंने सभी समाज के लोगों से इस ऐतिहासिक अवसर का साक्षी बनने के लिए रेलवे स्टेशन पहुंचने की अपील की है।

यह अवसर डोंगरगढ़ की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को और अधिक सशक्त करने वाला गौरवपूर्ण क्षण माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button