
नई दिल्ली, 20 जनवरी 2026। भारतीय जनता पार्टी को नया राष्ट्रीय अध्यक्ष मिल गया है। वरिष्ठ नेता नितिन नबीन ने सोमवार को बीजेपी के 12वें राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में औपचारिक रूप से पदभार ग्रहण किया। बीजेपी मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
आज से मेरे बॉस हैं नितिन नबीन : पीएम मोदी
इस अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नितिन नबीन को बधाई दी और संगठनात्मक अनुशासन का संदेश दिया। पीएम मोदी ने कहा, “नबीन जी आज से मेरे बॉस हैं और मैं उनका कार्यकर्ता हूं।” उन्होंने स्पष्ट किया कि पद और जिम्मेदारियां अपनी जगह हैं, लेकिन बीजेपी का कार्यकर्ता होना सबसे बड़ा गौरव है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भले ही लोग उन्हें प्रधानमंत्री के रूप में देखते हों, लेकिन उनके लिए सबसे बड़ी पहचान बीजेपी का एक समर्पित कार्यकर्ता होना है। उन्होंने कहा कि पार्टी में कार्यकर्ता सर्वोपरि हैं और संगठन ही बीजेपी की असली ताकत है।
पीएम मोदी ने नितिन नबीन को दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक दल का नेतृत्व संभालने पर बधाई देते हुए कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव की प्रक्रिया पूरी तरह लोकतांत्रिक रही है और लंबे समय तक संगठन के हर स्तर पर चुनाव कराए गए। आज उस प्रक्रिया का विधिवत समापन हुआ है।
अपने संबोधन में पीएम मोदी ने पार्टी के इतिहास को याद करते हुए कहा कि डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, अटल बिहारी वाजपेयी, लालकृष्ण आडवाणी और मुरली मनोहर जोशी के नेतृत्व में बीजेपी ने शून्य से शिखर तक का सफर तय किया। उन्होंने वेंकैया नायडू, नितिन गडकरी, राजनाथ सिंह, अमित शाह और जेपी नड्डा के योगदान को भी रेखांकित किया।
मिलेनियल हैं नितिन नबीन : मोदी
नितिन नबीन के नेतृत्व को लेकर पीएम मोदी ने कहा कि वे युवा पीढ़ी का प्रतिनिधित्व करते हैं। उन्होंने कहा, “आज की भाषा में कहें तो नितिन जी खुद मिलेनियल हैं। 45 वर्षीय नितिन नबीन ने रेडियो से लेकर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस तक का दौर देखा है। उनके पास युवा ऊर्जा के साथ-साथ संगठन में काम करने का अनुभव भी है, जो पार्टी के लिए बेहद लाभकारी साबित होगा।”
कार्यक्रम के दौरान नवनिर्वाचित राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन का पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। उन्होंने संगठन को और मजबूत करने तथा कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर आगे बढ़ने का संकल्प दोहराया।



