छत्तीसगढ़

पहले फ़ोन चुराया, फिर UPI के ज़रिए लगाया लाखों का चूना, आरोपी गिरफ्तार

रायपुर, 20 जनवरी 2026। UPI के माध्यम से ऑनलाइन लाखों रुपये की चोरी करने वाले शातिर आरोपी को आजाद चौक पुलिस ने गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी की पहचान हीरापुर, कबीर नगर निवासी आयुष डागा (26 वर्ष) के रूप में हुई है, जो पूर्व में भी चोरी के लगभग एक दर्जन मामलों में रायपुर सहित अन्य राज्यों से जेल जा चुका है।

ट्रेन से उतरते ही हुआ था मोबाइल चोरी
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आजाद चौक निवासी एक महिला ने थाना आजाद चौक में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि 13 जनवरी की सुबह वह ट्रेन से रायपुर रेलवे स्टेशन पहुंची और घर जाने के लिए ऑटो में सवार हुई। घर पहुंचने पर जब उसने अपने बैग की साइड जेब चेक की तो उसका मोबाइल फोन गायब था। महिला ने तत्काल अपना सिम बंद कराकर दोबारा चालू कराया, तभी उसके मोबाइल पर बैंक खाते से 5,000 रुपये निकासी का संदेश आया।

बैंक स्टेटमेंट जांचने पर सामने आया कि अज्ञात आरोपी ने 13 से 16 जनवरी 2026 के बीच UPI के माध्यम से अलग-अलग किश्तों में कुल 2,26,562 रुपये निकाल लिए थे। इस मामले में थाना आजाद चौक में अपराध क्रमांक 16/26, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।

सीसीटीवी और तकनीकी विश्लेषण से पकड़ा गया आरोपी
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन और थाना प्रभारी आजाद चौक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जांच शुरू की। पीड़िता से विस्तृत पूछताछ के साथ-साथ उसके आने-जाने के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले गए। इसके अलावा ऑटो चालक और यू.पी.आई. ट्रांजेक्शन की तकनीकी जांच की गई, जिसके आधार पर आरोपी की पहचान आयुष डागा के रूप में की गई।

पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर मोबाइल चोरी कर यू.पी.आई. के जरिए रकम निकालने की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।

70 हजार नकद, मोबाइल और दोपहिया वाहन जब्त
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से पुलिस ने चोरी की रकम में से 70,000 रुपये नकद, घटना में इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन और एक दोपहिया वाहन जब्त किया है। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

पहले भी कई राज्यों में कर चुका है वारदातें
पुलिस के अनुसार आयुष डागा पूर्व में रायपुर के कबीर नगर, पुरानी बस्ती और कोतवाली थाना क्षेत्रों के अलावा मध्यप्रदेश के ग्वालियर, महाराष्ट्र के गोंदिया और ओडिशा में भी चोरी के कई मामलों में जेल जा चुका है।

एक अन्य आरोपी फरार
प्रकरण में शामिल आरोपी का एक साथी अभी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है और जल्द गिरफ्तारी का दावा किया जा रहा है।

गिरफ्तार आरोपी का विवरण:
आयुष डागा, पिता अनिल डागा, उम्र 26 वर्ष, निवासी शुभ लाभ पेपर मिल, हीरापुर, थाना कबीर नगर, जिला रायपुर।

Related Articles

Back to top button