छत्तीसगढ़

दो चट्टानों के बीच फंसकर हाथी के शावक की मौत…

वन विभाग ने शुरू की जांच

रायगढ़, 28 जनवरी 2026। रायगढ़ जिले के विकासखंड घरघोड़ा अंतर्गत ग्राम कया के जंगल क्षेत्र में एक हाथी के शावक की मौत का मामला सामने आया है। 27 जनवरी की शाम ग्रामीणों ने वन विभाग को सूचना दी कि जंगल में एक हाथी का बच्चा मृत अवस्था में पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही वन अमला मौके के लिए रवाना हुआ, लेकिन रात का समय, दुर्गम इलाका और आसपास हाथियों के झुंड की मौजूदगी के कारण तत्काल घटनास्थल तक पहुंचना संभव नहीं हो सका।

डीएफओ रायगढ़ ने बताया कि 28 जनवरी की सुबह वन विभाग की टीम आरक्षित वन कक्ष क्रमांक 1310 स्थित घटनास्थल पर पहुंची और निरीक्षण किया। जांच में मृत हाथी शावक नर पाया गया, जिसकी उम्र एक वर्ष से कम आंकी गई है। प्रारंभिक जांच के अनुसार अत्यधिक ढलान वाले क्षेत्र में गिरने के दौरान शावक दो बड़ी चट्टानों के बीच फंस गया, जिससे उसे गंभीर आंतरिक चोटें और रक्तस्राव हुआ। आशंका है कि इन्हीं चोटों के कारण उसकी मृत्यु हुई।

वन विभाग के अनुसार घटनास्थल के आसपास अभी भी हाथियों का दल विचरण कर रहा है, जिसके चलते क्षेत्र में विशेष सतर्कता बरती जा रही है और लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि किसी तरह की अप्रिय घटना न हो। मृत हाथी शावक का विधिवत पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर मौत के वास्तविक कारणों की विस्तृत जांच की जाएगी।

वन विभाग ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे हाथियों की आवाजाही वाले क्षेत्रों में सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि या घटना की जानकारी तुरंत वन अमले को दें।

Related Articles

Back to top button