छत्तीसगढ़

कोरबा में सड़क हादसा: खाई में गिरी कार, युवा कांग्रेस नेता समेत दो की मौत

बिलासपुर, 6 फरवरी 2026। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में युवा कांग्रेस नेता समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह हादसा निर्माणाधीन भारतमाला सड़क पर उरगा थाना क्षेत्र में हुआ।

उरगा थाना प्रभारी राजेश तिवारी के अनुसार, एनएसयूआई के पूर्व राष्ट्रीय संयोजक एवं वर्तमान युवा कांग्रेस नेता राहुल राय गुरुवार रात अपनी कार से बालको में एक परिचित की शादी में शामिल होने जा रहे थे। उनके साथ जोंधरा निवासी ऑटोमोबाइल एजेंसी संचालक ढालू अग्रवाल, मस्तूरी कांग्रेस ब्लॉक अध्यक्ष भोला साहू और एक अन्य युवक राहुल मौजूद थे। चारों रात करीब 9:30 बजे उरगा क्षेत्र पहुंचे।

कोरबा शहर में प्रवेश के दौरान रास्ता भटकने के कारण उनकी कार खाईनुमा निर्माणाधीन लेन में उतर गई। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा और करीब तीन बार पलट गया। हादसा इतना भयावह था कि राहुल राय और ढालू अग्रवाल को सिर और सीने में गंभीर चोटें आईं, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

दो घायल, अस्पताल में इलाज जारी
हादसे में भोला साहू और राहुल गंभीर रूप से घायल हो गए। पीछे से आ रहे साथियों ने बिना पुलिस को सूचना दिए घायलों को तत्काल अपोलो अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है।

पुलिस ने बताया कि मृतकों के शवों को केजीएन अस्पताल में रखवाया गया है और मामले की जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में निर्माणाधीन सड़क पर पर्याप्त संकेतक और सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने की आशंका जताई जा रही है, जिसे भी हादसे का एक कारण माना जा रहा है।

Related Articles

Back to top button