‘अग्र मंथन’ में बृजमोहन का संदेश: शिक्षा, संस्कार और सेवा से सशक्त बनेगा समाज

रायपुर, 6 अप्रैल 2026। अग्रवाल सभा रायपुर द्वारा आयोजित “अग्र मंथन 2026” कार्यक्रम में रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने समाज सेवा, शिक्षा और संस्कार को सशक्त समाज की आधारशिला बताते हुए महत्वपूर्ण संदेश दिया।
अग्रसेन धाम में आयोजित ‘अग्र मंथन 2026’ में उन्होंने “समाज की वर्तमान स्थिति और भविष्य की चुनौतियां” विषय पर अपने विचार रखते हुए कहा कि अग्र समाज हमेशा से राष्ट्र निर्माण में अग्रणी भूमिका निभाता आया है। उन्होंने लोगों से स्वार्थ से ऊपर उठकर समाज और राष्ट्रहित में कार्य करने का आह्वान किया।
गरीब का इलाज, बेटी की शादी और बच्चों की पढ़ाई ही सच्ची सेवा
अपने संबोधन में बृजमोहन अग्रवाल ने सेवा के मूल भाव को रेखांकित करते हुए कहा कि गरीबों का इलाज, बेटियों की सम्मानजनक शादी और बच्चों की शिक्षा सुनिश्चित करना ही सबसे बड़ी समाज सेवा है। उन्होंने आह्वान किया कि कोई भी व्यक्ति इलाज और शिक्षा के अभाव में वंचित न रहे।
शिक्षा को बताया सबसे बड़ा मंदिर
उन्होंने कहा कि “मंदिर से भी बड़ा शिक्षा का मंदिर होता है”, जहां भविष्य का निर्माण होता है। उन्होंने समाज से शिक्षा के क्षेत्र में अधिक निवेश और ध्यान देने की अपील की, ताकि नई पीढ़ी को मजबूत आधार मिल सके।
अग्रसेन भवन को बनाएं स्किल डेवलपमेंट सेंटर
सांसद ने सुझाव दिया कि देशभर में मौजूद अग्रसेन भवनों को स्किल डेवलपमेंट सेंटर के रूप में विकसित किया जाए। यहां महिलाओं को सिलाई-कढ़ाई और युवाओं को कंप्यूटर जैसी आधुनिक ट्रेनिंग दी जा सकती है, जिससे आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिलेगा।
संस्कार और परिवार की भूमिका पर जोर
उन्होंने परिवार को समाज की सबसे मजबूत इकाई बताते हुए कहा कि संस्कारित परिवार ही मजबूत समाज का निर्माण करते हैं। बच्चों में मूल्यों और परंपराओं को विकसित करना आज की सबसे बड़ी जरूरत है।
कार्यक्रम में हुआ परिचय सम्मेलन और पत्रिका विमोचन
इस मौके पर युवक-युवती परिचय सम्मेलन का आयोजन किया गया और “अग्र धरोहर” पत्रिका का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम में कार्यक्रम में CSIDC चेयरमैन राजीव अग्रवाल, पूर्व विधायक गौरी शंकर अग्रवाल, अग्रवाल सभा रायपुर अध्यक्ष विजय अग्रवाल, महासचिव मनमोहन अग्रवाल, उपाध्यक्ष मनीष अग्रवाल, संगठन मंत्री योगी अग्रवाल, चतुर्भुज अग्रवाल समेत समाज के प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के सफल आयोजन पर बृजमोहन अग्रवाल ने अग्रवाल सभा रायपुर के पदाधिकारियों और सदस्यों को बधाई देते हुए समाज के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



