बैरियर तोड़ विधानसभा में घुसी कार, मच गया हड़कंप…

नई दिल्ली, 6 अप्रैल 2026। राजधानी दिल्ली में विधानसभा परिसर की सुरक्षा में बड़ी लापरवाही सामने आई है। सोमवार दोपहर एक सफेद रंग की कार बैरियर तोड़कर सीधे विधानसभा परिसर में घुस गई, जिससे हड़कंप मच गया।
जानकारी के मुताबिक, उत्तर प्रदेश नंबर की यह कार करीब दोपहर 2 बजे गेट नंबर-2 (वीआईपी गेट) को तोड़ते हुए अंदर दाखिल हुई। कार से एक नकाबपोश व्यक्ति उतरा, जिसने विधानसभा अध्यक्ष के कार्यालय की ओर जाकर पोर्च के पास फूलों का गुलदस्ता रखा और तुरंत वहां से वापस लौट गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां मौके पर पहुंचीं और पूरे परिसर की जांच शुरू की गई। अधिकारियों के अनुसार, यह मामला गंभीर सुरक्षा उल्लंघन के रूप में देखा जा रहा है।
गौरतलब है कि हाल ही में विधानसभा को बम धमकी भरे संदेश भी मिले थे। ऐसे में इस तरह की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और कार व आरोपी की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।



