राष्ट्रीय

मंत्री के बंगले में चोरी: मेडल-ट्रॉफी ले उड़े चोर, सुरक्षा पर सवाल

भोपाल, 6 अप्रैल 2026। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां खेल मंत्री विश्वास सारंग के सरकारी आवास में चोरी की वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

जानकारी के मुताबिक, 3 अप्रैल को चोरों ने मंत्री के सरकारी बंगले के स्टोर रूम का ताला तोड़कर अंदर रखे मेडल, ट्रॉफी, मोमेंटो, शील्ड और प्रशस्ति-पत्र चोरी कर लिए। घटना का खुलासा होते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई।

टीटी नगर थाना पुलिस ने बंगले के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि सफाई या अन्य कार्य के बहाने आने-जाने वाले किसी बाहरी व्यक्ति का इस वारदात में हाथ हो सकता है। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की जा रही है।

गौरतलब है कि यह चोरी एक वीआईपी इलाके में हुई है, जहां आमतौर पर सुरक्षा व्यवस्था बेहद कड़ी रहती है। ऐसे में मंत्री आवास में सेंधमारी ने पुलिस और सुरक्षा तंत्र की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

पुलिस के अनुसार, स्टोर रूम में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगे होने के कारण आरोपियों की पहचान में दिक्कत आ रही है। फिलहाल सभी पहलुओं पर जांच जारी है और जल्द ही आरोपियों को पकड़ने का दावा किया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button